चेतगंज से कल निकलेगी गोवर्धन शोभायात्रा
वाराणसी 31 अक्टूबर :गोवर्धन पूजा समिति की ओर से पहली नवंबर को नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम में अखिल भारतीय गोवर्धन पूजनोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले 10 विशिष्ट लोगों को ‘गोवर्धनश्री सम्मान’ दिया जाएगा। इसके अलावा एक विशिष्टजन को अलखनाथ यादव सामाजिक प्रतीक सम्मान दिया जाएगा
पराड़कर भवन में बुधवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव पप्पू और महामंत्री पारसनाथ यादव ने बताया कि आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव मुख्य अतिथि होंगे। मुख्य वक्ता मंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव और अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक यादव होंगे। गोवर्धन धाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। पूजनोत्सव के दिन दोपहर 12 बजे हथुआ मार्केट (चेतगंज) से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इससे पहले गोवर्धन धाम में सुबह 7 बजे गोवर्धनधारी का पंचामृत स्नान कराया जाएगा। 10 बजे हवन पूजन होगा। इसके बाद हथुआ मार्केट में यदुवंशियों को केसरिया पगड़ी बांधने की रस्म अदा की जाएगी और शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में लाग-विमान श्रीकृष्ण बलराम के जीवन-दर्शन पर आधारित होंगे। कतुआपुरा में पहलवानों की ओर से पटा वनेठी, मनरी (लट्ठबाजी) का प्रदर्शन किया जाएगा। पहलवान मिट्ठू यादव जोड़ी फेरने का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत होगा।