ताज़ातरीन

गाजीपुर: लटकते हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पशुपालक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया उपकेंद्र में तोड़फोड़, चक्‍काजाम

गाजीपुर 13 अगस्त: बिजली विभाग की लापरवाही के चलते शादियाबाद थाना क्षेत्र के दौलतनगर में खेत में बकरी चरा रहे एक अधेड़ पशुपालक को जान चली गई। जर्जर होकर काफी नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलसे अधेड़ की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग और जेई की लापरवाही बताते हुए शव को सादात उपकेंद्र के सामने सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और जमकर नारेबाजी करते हुए उपकेन्द्र में घुसकर तोड़फोड़ किया। इतना ही नहीं उपकेन्द्र पर तैनात एसएसओ और उनके दो सहायकों को बुरी तरह लाठी डंडे से मारा, जिन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के अनुसार दौलतनगर गांव निवासी 50 वर्षीय रामसूरत पाल बुधवार को करीब 11 बजे दिन में खेत में बकरी चरा रहे थे। इस बीच वहां जर्जर होकर काफी नीचे लटके हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए और तार में चिपककर मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। जब उधर से लोग गुजरे तो तत्काल परिजनों व विभाग को सूचित कर बिजली आपूर्ति ठप कराई और उन्हें लेकर अस्पताल गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। रोते बिलखते परिजन सैकड़ों ग्रामीणों संग शव को लेकर सादात उपकेंद्र पर आए और वहां शव को रखकर चक्काजाम करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीण उपकेन्द्र का बंद गेट लांघकर अंदर घुस गए और अंदर खड़ी तीन बाईकों को तोड़ने के साथ ही एसएसओ संदीप कुमार, सहायक एसएसओ राकेश यादव तथा फिरोज खान को लाठी डंडे से मारकर घायल कर दिए। उपकेन्द्र पर तोड़फोड और चक्काजाम की सूचना पाकर मौके पर तत्काल शादियाबाद एसओ श्यामजी यादव तथा सादात एसओ वागीश विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने व परिजनों को समझाकर शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया लेकिन परिजन कुछ सुनने को तैयार ही नहीं थे। गम्भीर आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने जर्जर होकर लटक रहे तार की शिकायत जेई मनोज पटेल से की थी लेकिन जेई ने तार की मरम्मत नहीं कराई। उनकी जानबूझकर कर की गई इस लापरवाही से रामसूरत की मौत हुई है। वहीं उनके इस आरोप में काफी हद तक सच्चाई भी दिखी, क्योंकि पिछले काफी समय से देखा जा रहा है कि बिजली विभाग द्वारा इसी तरह की मनमानी की जा रही है। शायद उन्हें भी पता है कि चाहे किसी की भी मौत हो, कोई कार्रवाई होनी नहीं है। क्योंकि पिछले कई हादसों में बिजली विभाग के बड़े अधिकारियों ने किसी जिम्मेदार पर कोई कार्रवाई न करके कुछ ऐसा ही मानक सेट कर दिया है। चक्काजाम की सूचना पाकर भुड़कुड़ा के सीओ सुधाकर पांडेय और जखनियां एसडीएम रविश कुमार गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर एफआईआर दर्ज कर उचित कारवाई का भरोसा दिया। साथ ही मृतक के परिजन को सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, तब जाकर बवाल शांत हुआ। शादियाबाद एसओ श्यामजी यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर उपकेन्द्र पर तोड़फोड करने तथा विद्युत कर्मचारियों के घायल होने की सूचना पर ट्रांसमिशन के अधिशाषी अभियंता राहुल शर्मा, सैदपुर के अधिशाषी अभियंता बृजेश कुमार, विद्युत मजदूर पंचायत ट्रांसमिशन के जिलाध्यक्ष सुनील कुशवाहा भी उपकेन्द्र पर पहुंच गए। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली। ट्रांसमिशन के अधिशाषी अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि घायल कर्मचारियों का उपचार कराते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले के चलते सुबह करीब साढ़े 11 बजे से शाम पांच बजे तक बिजली गायब रहने से उपभोक्ताओं में हाहाकार मचा रहा।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button