पूर्वांचल में बिजली व्यवस्था सुधारने का मेगा प्लान: एमडी ने तय की जवाबदेही,सीधे उपकेंद्रों तक होगी मॉनिटरिंग

वाराणसी29अक्टूबर :पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PuVVNL) के प्रबंध निदेशक (MD) संदीप कुमार (आई.ए.एस.) ने विद्युत वितरण व्यवस्था को सुदृढ़, सुचारू और प्रभावी बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यालय ज्ञाप जारी किया है।
इस नए आदेश का मुख्य उद्देश्य विभागीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करना, नियमित समीक्षा, प्रभावी अनुश्रवण और उत्तरदायित्व निर्धारित करना है। अब अधिकारियों को केवल अपने कार्यालय तक सीमित न रहकर रोटेशन के आधार पर निचले स्तर के कार्यालयों में जाकर जमीनी स्थिति का जायजा लेना होगा।
आदेश के अनुसार, समस्त मुख्य अभियंता (वितरण) सप्ताह में एक बार अपने अधीनस्थ अधीक्षण अभियंता के कार्यालय में उपस्थित होकर संबंधित वितरण मंडल के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे।
इसी क्रम में अधीक्षण अभियंता अपने अधीनस्थ अधिशासी अभियंता, अधिशासी अभियंता अपने अधीनस्थ उपखंड अधिकारी और उपखंड अधिकारी अपने अधीनस्थ उपकेंद्र पर उपस्थित होकर संबंधित कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करेंगे।
इस समीक्षा बैठक के दौरान बिजली आपूर्ति की स्थिति, व्यवधानों के निस्तारण, रखरखाव कार्यों, क्षतिग्रस्त लाइनों व ट्रांसफार्मरों की मरम्मत, और राजस्व वसूली की गहन समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही बिजली हानियों को कम करने के प्रयासों, बकायेदारों पर कार्रवाई, बिजली चोरी पर नियंत्रण, उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और नए कनेक्शनों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। समीक्षा के दौरान अधिकारियों की व्यावहारिक कठिनाइयों और उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनकर तुरंत समाधान हेतु दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
प्रबंध निदेशक ने इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और प्रत्येक समीक्षा बैठक का कार्यवृत्त अनिवार्य रूप से डिस्कॉम मुख्यालय भेजने का निर्देश दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।






