पूर्वांचल

ई-कचरे से अब घर बैठे कमाएं ‘कैश’: नगर निगम Varanasi की अनूठी पहल

वाराणसी 29अक्टूबर :स्मार्ट और स्वच्छ काशी की दिशा में नगर निगम वाराणसी ने एक महत्वपूर्ण और पर्यावरण-अनुकूल कदम उठाया है। शहर में बढ़ते इलेक्ट्रॉनिक कचरे (ई-वेस्ट) के सुरक्षित निस्तारण और रीसाइक्लिंग के लिए नगर निगम ने ‘एडमाइबिन’ संस्था को अधिकृत किया है। इस नई व्यवस्था के तहत अब शहरवासियों को अपने पुराने, खराब व अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कबाड़ में फेंकने या घर में जमा रखने की जरूरत नहीं होगी। नागरिक अब घर बैठे ही ई-कचरा बेचकर उचित मूल्य प्राप्त कर सकेंगे।

हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करते ही पहुंचेगी टीम

योजना के अनुसार, ई-कचरा बेचने और पिकअप का समय तय करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। नागरिक 8335955000 पर कॉल करके अपने स्थान और समय की जानकारी दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद एडमाइबिन की टीम घर, कार्यालय, स्कूल, कॉलेज या संस्थान से जाकर कचरा एकत्र करेगी और उसका भुगतान करेगी। एकत्र किए गए कचरे को वैज्ञानिक व सुरक्षित तरीके से अधिकृत चैनलों के माध्यम से रीसायकल किया जाएगा।

ई-कचरे की श्रेणी में क्या-क्या शामिल?

कोई भी उपकरण जो बिजली या बैटरी से चलता है और अपनी उपयोगी उम्र पूरी कर चुका है, ई-वेस्ट की श्रेणी में आता है। इसमें शामिल हैं:

गैजेट्स व आईटी उपकरण: मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर, प्रिंटर, की-बोर्ड, यूपीएस, चार्जर, केबल।

घरेलू उपकरण: टेलीविजन, फ्रिज, वाशिंग मशीन, पंखे, वाटर प्यूरीफायर, लाइटें और बैटरियां।

शहर में हर साल 10 से 15% बढ़ रहा ई-वेस्ट

विशेषज्ञों के अनुसार, आधुनिक तकनीक और गैजेट्स के बढ़ते इस्तेमाल से वाराणसी में हर साल ई-वेस्ट की मात्रा में औसतन 10 से 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो रही है। यदि इन उपकरणों को खुले में फेंका जाए या जलाया जाए, तो इनमें मौजूद सीसा, पारा और कैडमियम जैसी जहरीली धातुएं मिट्टी और भूजल को बुरी तरह दूषित कर देती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है।

अपील:

“शहरवासी अपने इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य गीले व सूखे कचरे में न मिलाएं। इसे अलग रखें और ‘स्वच्छ काशी, जिम्मेदार रीसाइक्लिंग’ के इस संकल्प में भागीदार बनें।”— हिमांशु नागपाल, नगर आयुक्त (वाराणसी)

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button