प्रयागराज में सपा जिला सचिव पवन यादव की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार

हंडिया प्रयागराज15सितंबर :: हंडिया थाना क्षेत्र के मुग्रराव गांव के पूर्व प्रधान और समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला सचिव पवन यादव की मंगलवार शाम बेखौफ बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार तीनों हमलावर बरौत की ओर भाग निकले। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना मंगलवार शाम करीब 6:00 बजे की है। पवन यादव हंडिया क्षेत्र में 52 नंबर पिलर के पास कुछ स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे, जिनमें से दो ने हेलमेट पहन रखा था। बदमाशों ने पवन यादव को निशाना बनाकर पीछे से फायरिंग कर दी। गोली पीठ में लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
गोलीबारी की आवाज सुनकर मौके पर हड़कंप मच गया। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, हमलावर बाइक से फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय और इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने घायल पवन यादव को तुरंत अस्पताल भिजवाया और घटनास्थल का मुआयना किया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पूर्व प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष रह चुके पवन यादव की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।
एसीपी हंडिया ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।






