अब अयोध्या में रामभक्तों पर नहीं चलेंगी गोलियां, जय श्रीराम बोलने पर कोई नहीं चला सकेगा लाठी-डंडा: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निषाद बस्ती में दीपावली मिलन समारोह को किया संबोधित- पंचकोसी, 14 कोसी और 84 कोसी परिक्रमा पर कोई नहीं लगा सकेगा प्रतिबंध: सीएम- सफाई कर्मियों, नाविकों, निषाद समाज और उत्कृष्ट पार्षदों को किया सम्मानित, बांटे दीपावली के उपहार
अयोध्या 9 नवंबर :उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अब अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलेंगी और न ही ‘जय श्रीराम’ बोलने पर कोई लाठी-डंडा चला सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचकोसी, 14 कोसी और 84 कोसी परिक्रमा पर अब कोई प्रतिबंध नहीं लगा पाएगा। यह हम सबके दृढ़ संकल्प का प्रतीक बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री रविवार को अयोध्या में रामघाट हाल्ट के निकट निषाद बस्ती में आयोजित भव्य ‘दीपावली मिलन समारोह’ को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने निषाद समाज, नाविकों, माझियों, सफाई कर्मियों और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पार्षदों को सम्मानित किया तथा उन्हें दीपावली का उपहार भेंट कर आभार जताया।
*किसी मंथरा और मारीच की न पड़े कुदृष्टि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों और अयोध्यावासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी यह संकल्प लें कि आने वाले समय में हमारी अयोध्या के ऊपर किसी ‘मंथरा’ और किसी ‘मारीच’ की कुदृष्टि न पड़े। अयोध्या के वैभव को लूटने और इसे फिर से बदनाम करने की कोई साजिश सफल न होने पाए। प्रभु श्रीराम की इस पावन नगरी को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और मर्यादित स्वरूप में ही आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने राक्षसी शक्तियों के खिलाफ मोर्चाबंदी निषादराज, माता शबरी, तथा वानर और भालुओं के सहयोग से ही की थी। आज नई अयोध्या के निर्माण में भी पार्षद, सफाईकर्मी और माझियों का अहम योगदान है, जिसे आने वाली पीढ़ियां सदैव स्मरण करेंगी।
*लाखों दीये जलने के बाद भी सुबह स्वच्छ मिले घाट*
दीपावली के अगले दिन सफाई व्यवस्था की सराहना करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कल दीपोत्सव का आयोजन अत्यंत भव्यता के साथ संपन्न हुआ। देश-दुनिया और उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से 30 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित करने और दीपोत्सव देखने भारी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचे थे। देर रात्रि तक भीड़ रहने के बावजूद जब सुबह प्रशासन और लोग बाहर निकले, तो सभी घाट पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर दिखाई दिए। कहीं कोई गंदगी या अव्यवस्था नहीं थी। जिन सफाई कर्मियों ने इस आयोजन को मुस्तैदी से संभाला, वे सभी अभिनंदन के अधिकारी हैं।
सरयू आरती के दौरान मुस्तैद रहे नाविक
मां सरयू और नाविक समाज के योगदान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पर्व-त्यौहार, अमावस्या, पूर्णिमा और साप्ताहिक अवकाश पर लाखों श्रद्धालु अयोध्या आते हैं। ऐसे में मां सरयू के तट पर नाविकों और निषाद समाज के लोगों ने जिस तत्परता और मजबूती के साथ अपनी सेवाएं दी हैं, वह अत्यंत अभिनंदनीय है। सरकार निर्माण कार्य तो करा सकती है, लेकिन विकास की इस विरासत को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी स्थानीय नागरिकों की भी है।
इन्हें किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज सेवा और स्वच्छता में विशिष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया:
स्वच्छता कर्मी और उनके मेधावी बच्चे: अवधेश निषाद, सूरज निषाद, चंदा निषाद, कौशल्या निषाद, रेनू निषाद, काजल निषाद, आराध्या, माधवी गौतम, अंश, ज्योति, सुनीता, बब्बन, संदीप और अरुण।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पार्षद: कुंती पांडेय (पाटेश्वरी नगर वार्ड), मनीषा यादव (चित्रगुप्त नगर वार्ड), रामतीर्थ (लाला लाजपत नगर वार्ड), सूर्य कुमार तिवारी (कल्याण सिंह वार्ड) और अभिनव पांडेय (झूलेलाल नगर वार्ड)।
गोताखोर व नाविक: सतीश माझी, ब्रजेश माझी, जग्गू माझी, बाबू निषाद और अभिषेक निषाद।
इस दौरान स्थानीय निवासियों और सम्मानित नागरिकों ने अयोध्या की पवित्रता, सांस्कृतिक विरासत और विकास को हमेशा सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।






