ताज़ातरीन

दीपावली और छठ पर उत्तर प्रदेशवासियों को मिलेगी 24 घंटे निर्बाध बिजली, योगी सरकार का बड़ा तोहफा

अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं: ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा

बकाया वसूली के नाम पर त्योहारों में न काटे जाएं कनेक्शन, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश

लखनऊ 29 अक्टूबर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने दीपावली, छठ और आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रदेशवासियों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित करने की तैयारी तेज कर दी है कि त्योहारों के इस पावन अवसर पर प्रदेश के हर कोने में उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली मिले।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, इसलिए इस दौरान किसी प्रकार का अनावश्यक शटडाउन या बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं को न करें परेशान

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सख्त लहजे में कहा कि त्योहारों के समय बकाया बिल वसूली के नाम पर आम उपभोक्ताओं के कनेक्शन न काटे जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़े और संगठित बिजली चोरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन छोटे और ईमानदार उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

समय पर हो ‘झटपट पोर्टल’ के आवेदनों का निस्तारण

बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने ‘झटपट पोर्टल’ पर नए विद्युत कनेक्शन के लिए आए लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही, निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था को और दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों की वजह से ट्रिपिंग या कटौती की समस्या न झेलनी पड़े। जिन इलाकों में ओवरलोडिंग की समस्या है, वहां तत्काल ट्रांसफार्मरों की क्षमता का विस्तार किया जाए।

नवसृजित नगर पंचायतों में भी सुधरेगी बिजली व्यवस्था

प्रदेश की नवसृजित नगर पंचायतों की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों में जिला मुख्यालयों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ने पर नगर विकास विभाग इसके लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने को पूरी तरह तैयार है, इसलिए अधिकारी युद्ध स्तर पर कार्य करें।

नवंबर के बिलों में मिलेगी 9.70% की राहत

ऊर्जा मंत्री ने प्रदेशवासियों को नवंबर महीने के बिजली बिलों में मिलने वाली 9..70 प्रतिशत की राहत पर बधाई दी। इस छूट से घरेलू और व्यावसायिक समेत अन्य सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने सीधा वित्तीय लाभ मिल रहा है।

समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी सहित विद्युत विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button