विश्वप्रसिद्ध चेतगंज की नक्कटैया आज, भव्यता के साथ सजेगा 140वां लक्खा मेला

वाराणसी29अक्टूबर :काशी की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की अनूठी मिसाल विश्वप्रसिद्ध चेतगंज का ‘नक्कटैया’ मेला आज, 29 अक्टूबर को अत्यंत धूमधाम और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। श्री चेतगंज रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक ‘लक्खा मेले’ का यह 140वां वर्ष है।
आयोजन को लेकर चेतगंज क्षेत्र सहित पूरे शहर में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। मेले को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए तैयारियां अंतिम रूप ले चुकी हैं। पूरा मेला परिसर रंग-बिरंगी लाइटों, तोरणद्वारों और आकर्षक झांकियों से सज-धजकर तैयार हो चुका है।
सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर आधारित झांकियां होंगी मुख्य आकर्षण
काशी की इस पारंपरिक नक्कटैया का मुख्य आकर्षण मध्यरात्रि में निकलने वाली विशाल और चलायमान झांकियां होती हैं। इन झांकियों में धार्मिक प्रसंगों के साथ-साथ वर्तमान सामाजिक, सांस्कृतिक और समसामयिक विषयों को कलात्मक रूप से दर्शाया जाता है, जिन्हें देखने के लिए काशी ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचते हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
लाखों की भीड़ की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में यातायात परिवर्तन (रूट डायवर्जन) लागू किया गया है तथा चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। समिति के पदाधिकारियों ने सभी काशीवासियों से इस ऐतिहासिक धरोहर के साक्षी बनने और शांतिपूर्ण तरीके से मेले का आनंद लेने की अपील की है।






