ज्वेलरी शोरूम से 70 लाख के गबन का मास्टरमाइंड हरियाणा से गिरफ्तार

वाराणसी से फरार होकर फरीदाबाद में छिपा था 25 हजार का इनामी आरोपी
सिगरा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सर्विलांस की मदद से दबोचा
वाराणसी14नवंबर :कमिश्नरेट पुलिस की सिगरा थाना और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने ज्वेलरी कंपनी में 70 लाख रुपये के गबन के मुख्य आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
क्या है पूरा मामला?
नीचीबाग निवासी रितेश कुमार बबूना ‘मेसर्स काशी मधुरम’ नाम से सोने-चांदी के आभूषणों का शोरूम चलाते हैं, जो ऐश्वर्या (AISSHPRA) कंपनी प्रा. लि. की फ्रेंचाइजी है। उन्होंने 7 सितंबर 2026 को सिगरा थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि कंपनी में एरिया बिजनेस मैनेजर के पद पर कार्यरत राज कुमार (40 वर्ष), निवासी रोहतक (हरियाणा) ने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब 70 लाख रुपये के आभूषण व नकदी का गबन किया और फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस (BNS) की धारा 316(5) के तहत केस दर्ज किया था।
साइबर सेल की मदद से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर डीसीपी काशी जोन और एसीपी चेतगंज के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन हरियाणा के फरीदाबाद में ट्रेस हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर शनिवार (14 नवंबर 2026) को सेक्टर-17 थाना क्षेत्र के गुर्जर भवन चौकी (सेक्टर-16) के पास से राज कुमार को धर दबोचा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
इस कार्रवाई में सिगरा प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, चौकी प्रभारी सौरभ शाही, एसओजी उपनिरीक्षक आयुष पांडेय, गौरव कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी संतोष पासवान, आरक्षी अंकित मिश्रा, अभिषेक वर्मा, मनीष तिवारी, सुमित शाही, अश्वनी सिंह, अभिराम शर्मा और साइबर सेल के रोहित मुख्य रूप से शामिल रहे।






