पूर्वांचल

गुरु-शिष्य का रिश्ता तार-तार: दिवाली शॉपिंग के बहाने छात्रा को कमरे पर ले जाकर दुष्कर्म, हालत गंभीर

वाराणसी06नवंबर :धर्मनगरी काशी में गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिवाली की खरीदारी कराने के बहाने 20 वर्षीय छात्रा को साथ ले जाने वाले एक कॉलेज शिक्षक पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। वारदात के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव से छात्रा की हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे अस्पताल ले गया, जहाँ डॉक्टरों की तत्परता से मामले का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।

स्मार्ट बाजार से खरीदारी के बाद ले गया कमरे पर

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता आर्य महिला डिग्री कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। आरोपी शिक्षक अभिषेक कुमार तिवारी (40), जो भदोही का मूल निवासी है, चेतगंज क्षेत्र में किराए का मकान लेकर रहता है और उसी कॉलेज में पढ़ाता है।

गुरुवार दोपहर आरोपी छात्रा को दिवाली की शॉपिंग कराने के बहाने बाजार ले गया। स्मार्ट बाजार से खरीदारी और बाहर भोजन करने के बाद आरोपी बहला-फुसलाकर छात्रा को चेतगंज स्थित अपने किराए के कमरे पर ले गया, जहाँ उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

डॉक्टरों की सतर्कता से खुला सच, आरोपी गिरफ्तार

दुष्कर्म के दौरान गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव होने पर घबराया आरोपी छात्रा को एलायंस अस्पताल लेकर पहुँचा। आरोपी ने परिजनों को फोन कर दुर्घटना में चोट लगने की झूठी कहानी गढ़ी। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद परिजनों को सच्चाई बताई कि यह मामला दुर्घटना का नहीं बल्कि यौन हिंसा का है।

परिजनों की सूचना पर पहुँची चेतगंज थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्रा की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button