धनतेरस पर माँ अन्नपूर्णा के सुलभ दर्शन के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट

एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने अन्नपूर्णा मंदिर का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के दिए निर्देश
वाराणसी 04नवंबर :दिवाली और धनतेरस के पावन पर्व को देखते हुए धर्मनगरी काशी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसी क्रम में वाराणसी के प्रसिद्ध श्री अन्नपूर्णा मठ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
बुधवार को एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने श्री अन्नपूर्णा मठ मंदिर प्रांगण का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
भीड़ नियंत्रण और बैरिकेडिंग की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान एडीसीपी वैभव बांगर ने मंदिर परिसर, प्रवेश व निकास मार्गों, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और मंदिर व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए कि धनतेरस और दीपावली के दौरान मंदिर में आने वाले किसी भी श्रद्धालु की सुरक्षा और सुगमता में कोई कोताही न बरती जाए।
“श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता”
एडीसीपी काशी जोन ने कहा, “धनतेरस के पावन अवसर पर माँ अन्नपूर्णा के दर्शन का विशेष धार्मिक महत्व है, जिसके चलते देश-विदेश से अपार भीड़ उमड़ती है। श्रद्धालुओं को सुलभ, शांतिपूर्ण और सुरक्षित दर्शन कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त जवानों को तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।”
सीसीटीवी से निगरानी और सादे कपड़ों में पुलिस तैनात
प्रशासन की ओर से मंदिर प्रांगण एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तीखी नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है।






