राजनीति

पर्व-त्योहारों से पहले गड्ढामुक्त होंगी यूपी की सड़कें, सीएम योगी ने दिए तत्काल मरम्मत के निर्देश

  • बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त मार्गों पर तत्काल पैचवर्क कर आवागमन योग्य बनाने का आदेश

  • त्यौहारों के दौरान 681 प्रमुख मार्गों पर रहेगा विशेष ध्यान; शिक्षण संस्थान, अस्पताल और बाजारों की सड़कों को मिलेगी प्राथमिकता

  • 9 विभागों की 4.36 लाख किमी सड़कों की हुई समीक्षा, 50 हजार किमी गड्ढामुक्ति का लक्ष्य जारी

लखनऊ 12सितंबर : आगामी त्यौहारों के मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की सड़कों की स्थिति में सुधार लाने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग सहित 9 प्रमुख विभागों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बारिश और बाढ़ से प्रभावित हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें मोटरेबल बनाया जाए तथा मानसून समाप्त होते ही स्थायी नवीनीकरण का कार्य शुरू किया जाए।

पैचवर्क तक सीमित न रहे काम, गुणवत्ता से न हो समझौता मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हिदायत दी कि गड्ढामुक्ति का कार्य महज औपचारिकता या पैचवर्क तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, प्रमुख बाजारों और सरकारी कार्यालयों को जोड़ने वाले मार्गों को प्राथमिकता पर रखकर काम शुरू किया जाए। सीएम ने कहा कि सड़कों का सीधा संबंध आमजन के दैनिक जीवन से है, इसलिए तेजी के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए।

त्यौहारों के लिए 681 प्रमुख मार्ग चिन्हित गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, नवरात्रि, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा जैसे आगामी पर्वों में होने वाली भारी आवाजाही को देखते हुए शासन ने 681 प्रमुख मार्गों को विशेष रूप से चिन्हित किया है। इन मार्गों पर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और नवीनीकरण कार्य पूरा किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सर्वे के बाद तय होंगे नए लक्ष्य बैठक में जानकारी दी गई कि अतिवृष्टि और निर्माणाधीन बड़ी परियोजनाओं के कारण भारी वाहनों के आवागमन से कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं।

  • कुल नेटवर्क: समीक्षा के अंतर्गत आए 9 विभागों के अधीन करीब 4.36 लाख किलोमीटर लंबा सड़क नेटवर्क है।

  • गड्ढामुक्ति का लक्ष्य: 50 हजार किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक 5,751 किलोमीटर पर कार्य पूरा हो चुका है।

  • नवीनीकरण व विशेष मरम्मत: नवीनीकरण के 30 हजार किमी लक्ष्य में से 14 हजार किमी और विशेष मरम्मत के 5 हजार किमी लक्ष्य में से 700 किमी का कार्य पूरा हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जारी बारिश के बीच क्षतिग्रस्त हो रहे नए मार्गों का भी लगातार सर्वे कराया जाए और उसी आधार पर विभागवार अंतिम लक्ष्य तय किए जाएं।

विभागीय समन्वय पर जोर बैठक में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, लोक निर्माण राज्य मंत्री ब्रजेश सिंह सहित कई वरिष्ठ मंत्री और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा राज्य के विभिन्न विभागों (मंडी परिषद, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास आदि) के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को बेहतर आपसी समन्वय के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button