पूर्वांचल

मंडलायुक्त ने किया वाराणसी रोपवे परियोजना का औचक निरीक्षण: धीमी गति पर जताई कड़ी नाराजगी, गोदौलिया स्टेशन का काम 31 अक्टूबर तक पूरा करने की डेडलाइन

वाराणसी12सितंबर :काशी वासियों और पर्यटकों को जल्द ही जाम से मुक्ति दिलाकर कैंट से गोदौलिया का सफर मात्र 15 मिनट में तय कराने वाली ‘वाराणसी रोपवे परियोजना’ को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। शुक्रवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने 3.85 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना का औचक स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान रोपवे परियोजना की कुल भौतिक प्रगति 94.35 प्रतिशत पाई गई। हालांकि, कैंट और गोदौलिया स्टेशनों पर कार्यों की धीमी गति पर मंडलायुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों तथा कंसेशनायर को अविलंब काम पूरा करने की हिदायत दी।

विभिन्न स्टेशनों के लिए जारी कड़े निर्देश:

  • कैंट स्टेशन: मंडलायुक्त ने कंसेशनायर के कामकाज पर असंतोष जताते हुए सभी मुख्य फिनिशिंग कार्य 25 सितंबर तक हर हाल में निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने फुट ओवर ब्रिज (FOB) व शिखर निर्माण में तेजी लाने, एस्केलेटर, लिफ्ट और रेलिंग की सफाई कराने के साथ बैगेज स्कैनर और डीएफएमडी (DFMD) की स्थापना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

  • विद्यापीठ स्टेशन: स्टॉर्म वाटर इंटरकनेक्शन का काम 15 सितंबर तक पूरा करने, TOM/TVM मशीनों की टेस्टिंग और पेवर्स का काम जल्द खत्म करने का निर्देश दिया गया।

  • रथयात्रा स्टेशन: जलकल विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सीवर और वाटर लाइन इंटरकनेक्शन के कार्य को 15 सितंबर तक पूरा करने की समय-सीमा तय की गई।

  • गिरजाघर स्टेशन: स्टेशन की लाइटिंग और फसाड (बाहरी सज्जा) का काम शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

  • गोदौलिया स्टेशन: गोदौलिया स्टेशन पर डी-बोर्डिंग और बोर्डिंग साइड के निर्माण कार्य को 31 अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने का अंतिम निर्देश जारी किया गया।

16 घंटे होगा संचालन, हर घंटे 3000 यात्री कर सकेंगे सफर यह परियोजना पूरी होने के बाद रोजाना लगभग 16 घंटे संचालित होगी। 3000 PPHPD (यात्री प्रति घंटा प्रति दिशा) क्षमता के साथ यह रोपवे कैंट से गोदौलिया के बीच शहर की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह बदल देगा।

निरीक्षण के समय नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) की परियोजना निदेशक पूजा मिश्रा और कंसेशनायर के परियोजना निदेशक एस. सुब्बा राव प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button