राजनीति

पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने सीएम को लिखा पत्र: बाढ़ प्रभावित किसानों को मिले मुआवजा और मुफ्त खाद-बीज

बलिया15सितंबर ::गंगा और सरयू नदी के जलस्तर में हुई बढ़ोतरी से आई भीषण बाढ़ ने बलिया और गाजीपुर जिले में किसानों की खरीफ फसल को पूरी तरह तबाह कर दिया है। फसलें जलमग्न होने से किसानों के सामने अब आगामी रबी सत्र की बुवाई को लेकर गहरा संकट खड़ा हो गया है। किसानों की इस बदहाली पर चिंता जताते हुए दोकटी निवासी एवं पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर तुरंत राहत कदम उठाने की मांग की है।

पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि बलिया और गाजीपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का तत्काल निष्पक्ष सर्वे कराया जाए। इस सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को नियमानुसार जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि आर्थिक तंगी से जूझ रहे अन्नदाताओं को संबल मिल सके।

मुफ्त खाद, बीज और कीटनाशक देने की मांग

वीरेंद्र सिंह मस्त ने पत्र में रबी की बुवाई के लिए सरकार से विशेष इंतजाम करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खरीफ की फसल पूरी तरह नष्ट हो जाने के कारण किसानों के पास अगली फसल की बुवाई के लिए न तो पूंजी बची है और न ही संसाधन।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि दोनों जिलों के जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए जाएं, जिससे प्रभावित किसानों को उन्नत किस्म के बीज, उर्वरक, खाद और कीटनाशक मुफ्त में उपलब्ध कराए जा सकें।

पूर्व सांसद ने सचेत किया कि यदि समय रहते रबी की बुवाई की व्यवस्था नहीं की गई, तो किसानों को दोहरा आर्थिक नुकसान सहना पड़ेगा। इसलिए सरकार मुआवजे के साथ-साथ बुवाई के लिए आवश्यक कृषि सामग्री तुरंत उपलब्ध कराने की व्यवस्था करे।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button