विद्युत विभाग :यूपी में स्मार्ट मीटर के भारी-भरकम बिलों से राहत: 1 से 31 अगस्त तक हर बिजली दफ्तर में लगेंगे ‘बिल सुधार कैंप’

लखनऊ 31जुलाई :उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) vटर लगाने और नए संयोजनों पर अनिवार्य रूप से मीटर ठोकने के बाद से ही पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा हुआ था। स्मार्ट मीटर लगते ही उपभोक्ताओं के बिलों में अचानक आई असामान्य वृद्धि की शिकायतों से विभाग का 1912 हेल्पलाइन नंबर और IGRS पोर्टल पट गए। जनता के बढ़ते आक्रोश और शिकायतों की इस ‘बाढ़’ को देखते हुए अब पावर कॉर्पोरेशन बैकफुट पर आया है और त्रुटिपूर्ण बिलों को सही करने के लिए बड़ा अभियान शुरू करने जा रहा है।
पूरे अगस्त माह (1 अगस्त से 31 अगस्त) के दौरान प्रदेश के सभी वितरण/वाणिज्य खंडों (Divisions) और उपखंड (Sub-division) कार्यालयों में विशेष ‘बिल सुधार कैंप’ आयोजित किए जाएंगे।
कैंप में एक ही छत के नीचे होंगे ये काम:
गलत बिलों में सुधार: स्मार्ट मीटर या गलत रीडिंग के कारण आए भारी-भरकम बिलों का ऑन-द-स्पॉट संशोधन।
मीटर व संयोजन सेवाएं: नए बिजली कनेक्शन के आवेदन, लोड/भार वृद्धि (Load Enhancement) और खराब या तेज भागते मीटरों को बदलवाने की सुविधा।
बकाया भुगतान: बिल सही करवाकर मौके पर ही जमा करने की व्यवस्था।
1912 पर दर्ज होगी हर शिकायत, पारदर्शिता का दावा
उपभोक्ताओं के साथ किसी भी तरह की हीलाहवाली न हो, इसके लिए कॉर्पोरेशन ने सख्त व्यवस्था बनाई है। कैंप में आने वाले प्रत्येक उपभोक्ता की शिकायत को तत्काल 1912 हेल्पडेस्क पर पंजीकृत किया जाएगा। शिकायत का समाधान होने और उपभोक्ता की संतुष्टि के बाद ही पोर्टल पर उस केस को ‘क्लोज’ (बंद) किया जाएगा, जिससे विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय हो सके।
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ता अपने क्षेत्र के नजदीकी अधिशासी अभियंता या उपखंड अधिकारी (SDO) कार्यालय पहुंचकर इस महीने भर चलने वाले कैंप का लाभ उठा सकते हैं।






