खेल-खिलाडी

वाराणसी में सजेगा देश के दिग्गज शतरंज खिलाड़ियों का महासंग्राम

63वीं सेठ एम.आर. जैपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप 2026 का बाबतपुर कैंपस में होगा आयोजन; 500 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे दम, विजेता को मिलेंगे 6 लाख

वाराणसी 19नवंबर : धर्म और संस्कृति की नगरी काशी अब देश के शीर्ष शतरंज खिलाड़ियों की बौद्धिक बिसात का गवाह बनने जा रही है। 29 नवंबर से 9 दिसंबर 2026 तक वाराणसी स्थित सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस के बाबतपुर कैंपस में 63वीं सेठ एम.आर. जैपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं वाराणसी शतरंज संघ के संयुक्त सहयोग से, ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के तत्वावधान में आयोजित हो रही है।

22 ग्रैंडमास्टर और 30 इंटरनेशनल मास्टर लेंगे हिस्सा

पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश शतरंज खेल संघ के सचिव ए.के. रायजादा और आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने बताया कि 11 दिवसीय यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप पहली बार प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आयोजित की जा रही है। इसमें 33 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों तथा संस्थागत इकाइयों के विजेताओं और खुले प्रवेश के माध्यम से 500 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें 22 ग्रैंडमास्टर, 30 इंटरनेशनल मास्टर और 50 से अधिक अन्य खिताबधारी खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में भारतीय शतरंज दल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रवेश नियमों के तहत प्रत्येक संबद्ध राज्य संघ या संस्थागत सदस्य से चार खिलाड़ियों का कोटा निर्धारित है। इसके अलावा ग्रैंडमास्टर, इंटरनेशनल मास्टर, महिला ग्रैंडमास्टर, पिछली राष्ट्रीय चैंपियनशिप के शीर्ष छह पात्र खिलाड़ी, राष्ट्रीय जूनियर चैंपियन और राष्ट्रीय महिला चैंपियनशिप के विजेता-उपविजेता समेत अन्य पात्र खिलाड़ियों को प्रवेश मिलेगा। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों, अधिकारियों और परिजनों के ठहरने की व्यवस्था टीएफसी, नगर के अतिथि गृहों और होटलों में की गई है।

शुभंकर ‘कौतिक’ बना आकर्षण का केंद्र

चैंपियनशिप के शुभंकर ‘कौतिक’ को काशी की आध्यात्मिक विरासत, बनारसी संस्कृति और शतरंज की बुद्धिमत्ता के संगम के रूप में तैयार किया गया है। स्वर्णिम शतरंज के राजा के स्वरूप में यह शुभंकर बनारसी रेशमी परिधान और काशी के घाटों की झलक के साथ परंपरा व आधुनिकता का प्रतीक है, जो खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएगा।

30 लाख की इनामी राशि, शीर्ष 10 को मिलेगा सम्मान

प्रतियोगिता में कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। शीर्ष 10 स्थानों पर रहने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र के साथ नकद पुरस्कार दिए जाएंगे:

स्थान पुरस्कार राशि
प्रथम स्थान ₹6,00,000
द्वितीय स्थान ₹5,00,000
तृतीय स्थान ₹4,00,000
चतुर्थ स्थान ₹3,00,000
पांचवां व छठा स्थान ₹2,50,000 (प्रत्येक)
सातवां व आठवां स्थान ₹2,00,000 (प्रत्येक)
नौवां व दसवां स्थान ₹1,50,000 (प्रत्येक)

29 नवंबर को उद्घाटन के साथ शुरू होने वाली यह प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) के नियमों और स्विस प्रणाली के तहत 11 राउंड में खेली जाएगी। समय नियंत्रण 40 चालों के लिए 90 मिनट और उसके बाद 30 मिनट का होगा, जिसमें पहली चाल से प्रत्येक चाल पर 30 सेकंड की अतिरिक्त वृद्धि मिलेगी। टाई-ब्रेक के लिए बुचहोल्ज़ कट-1, बुचहोल्ज़, सोनेबॉर्न-बर्गर, प्रत्यक्ष मुकाबले और जीत की संख्या जैसे नियम लागू होंगे।

छात्रों और स्थानीय खिलाड़ियों के लिए विशेष पहल

वाराणसी में शतरंज के बढ़ते ग्राफ का जिक्र करते हुए बताया गया कि वाराणसी चेस एसोसिएशन के नवीनतम जिला विवरण में 80 फिडे रेटेड खिलाड़ी दर्ज हैं, जिनमें 15 महिला खिलाड़ी हैं। वहीं वर्ष 2026 की काशी सांसद खेलकूद शतरंज चैंपियनशिप में विभिन्न आयु वर्गों में 5,500 पंजीकरण हुए थे।

इस आयोजन के दौरान लगभग 50 विद्यालयों के 5,000 से अधिक छात्र-छात्राओं और शतरंज प्रेमियों को मुकाबले देखने, दिग्गजों की मास्टर क्लास और समानांतर खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही ‘बियॉन्ड द बोर्ड – द ग्रेट माइंड्स इनिशिएटिव’ के अंतर्गत सर सी.वी. रमन पर आधारित विद्यालयस्तरीय प्रतियोगिता भी होगी, ताकि विद्यार्थियों में भारतीय वैज्ञानिक विरासत और जिज्ञासा को बढ़ावा मिल सके।

जिला प्रशासन और गणमान्य व्यक्तियों का संरक्षण

यह आयोजन वाराणसी जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसका नेतृत्व जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा कर रहे हैं। संरक्षक मंडल में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल, राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, महापौर अशोक कुमार तिवारी, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर.के. चौधरी और सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स समूह के उपाध्यक्ष श्रीवत्स जैपुरिया शामिल हैं।

आयोजन समिति व संपर्क विवरण

आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज, आयोजन सचिव विजय कुमार और संयोजक तुषार सारस्वत हैं। समन्वयकों में आनंद सिंह, शम्स तबरेज, संजय सिन्हा, सी.के. गांगुली, साहब अहमद फारुकी, दिनेश कुमार पाण्डेय, डी.डी. पाठक और राजीव श्रीवास्तव शामिल हैं। प्रेस वार्ता में मनोज कुमार बजाज, श्यामसुंदर बजाज, अनिल के. जाजोदिया और जैपुरिया बाबतपुर की प्रधानाचार्या सुधा सिंह भी मौजूद रहीं।

  • प्रवेश संबंधी जानकारी: [email protected]

  • सामान्य जानकारी व संपर्क: [email protected] | फोन: 9559161414

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button