विद्युत विभाग :पूर्वांचल डिस्कॉम में मीटर टैंपरिंग का बड़ा खेल:चार बार बदला आटा चक्की का मीटर! सहायक अभियंता की भूमिका संदिग्ध!

मीरजापुर 19 नवंबर : पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अंतर्गत बड़े औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के परिसरों पर मीटर में छेड़छाड़ के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला विद्युत वितरण खंड चुनार के अंतर्गत अहरौरा क्षेत्र का है, जहां एक आटा चक्की परिसर पर रिमोट के जरिए मीटर बंद कर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी गई है।
इस प्रकरण के उजागर होने के बाद मीटर परीक्षण खंड के एक सहायक अभियंता की कार्यप्रणाली और लंबे समय से जनपद में उनकी तैनाती को लेकर विभागीय गलियारों में गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
क्या है पूरा मामला?
अधिशासी अभियंता (विद्युत वितरण खंड चुनार) शुभम मिश्रा, उपखंड अधिकारी अहरौरा संजय यादव और प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने एमआरआई (MRI) एनालिसिस में संदिग्ध पाए गए संयोजन की जांच के लिए 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:10 बजे अहरौरा के चौक बाजार (सहुआइन का पोखरा) स्थित हिमांशु गुप्ता के औद्योगिक परिसर पर छापा मारा।
जांच के दौरान 26 किलोवाट स्वीकृत भार वाले इस संयोजन (संख्या 0781422813) पर लगे मेन मीटर (संख्या 8083782) और पोल/डबल मीटर (संख्या 8129497) दोनों बंद पाए गए और डिस्प्ले पर वोल्टेज व करंट शून्य दिख रहा था, जबकि परिसर में आटा चक्की और थ्री-फेज मोटरें चलती मिलीं।
क्लैंप मीटर से जांच करने पर तीनों फेजों में भारी करंट (36 से 38 एंपियर तक) प्रवाहित होता पाया गया और मौके पर कुल संयोजित भार 44.24 किलोवाट (59.33 एचपी) निकला।
अगले दिन 29 अक्टूबर को परीक्षण खंड की लैब में हुई जांच में दोनों मीटरों के बॉक्स, सील और बॉडी टैंपर मिले तथा मीटर के अंदर रिमोट कंट्रोल्ड डिवाइस लगी पाई गई।
पिछले तीन माह के लोड सर्वे से स्पष्ट हुआ कि रोजाना रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक रिमोट से मीटर बंद कर बिजली चोरी की जा रही थी।
इस मामले में एंटी पावर थेफ्ट थाना मीरजापुर में विद्युत अधिनियम की धारा 135 और 138 के तहत एफआईआर (संख्या 1208/2026) दर्ज कराई गई है।
चार बार मीटर बदलने और सहायक अभियंता की भूमिका पर सवाल
इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल मीटर परीक्षण खंड की कार्यप्रणाली पर खड़ा हो गया है। सूत्रों और चर्चाओं के अनुसार, संबंधित परिसर पर इससे पहले चार बार मीटर बदला जा चुका है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बार-बार मीटर बदले जाने के बावजूद परीक्षण खंड के स्तर पर पहले इस गड़बड़ी को क्यों नहीं पकड़ा गया?
इस पूरे प्रकरण में सहायक अभियंता (मीटर) विनय सिंह की भूमिका संदिग्ध होने की चर्चा विभाग में तेज है। बताया जा रहा है कि सहायक अभियंता लंबे समय से जनपद में ही तैनात हैं, जिससे बड़े उपभोक्ताओं के साथ सांठगांठ की आशंका जताई जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि मीटर बदलने और टैंपरिंग के इस कथित खेल पर परीक्षण खंड के स्तर पर अब तक कोई आंतरिक जांच नहीं बैठाई गई है।
अधिशासी अभियंता का बयान:
एमआरआई रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति
जब इस पूरे मामले और बार-बार मीटर बदले जाने के पीछे के कारणों को लेकर अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड से संपर्क किया गया, तो उन्होंने फिलहाल स्पष्ट जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने बताया कि मामले से जुड़ी पुरानी एमआरआई रिपोर्ट मंगाई जा रही है। रिपोर्ट आनेमें करीब 10 दिन का समय लगता है, जिसके बाद ही यह स्पष्ट तौर पर बताया जा सकेगा कि संबंधित परिसर का मीटर पहले किन परिस्थितियों में और क्यों बदला गया था।
फिलहाल, प्रवर्तन दल और वितरण खंड की इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वाले बड़े उपभोक्ताओं में हड़कंप है, लेकिन निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि उच्चाधिकारी परीक्षण खंड की भूमिका और बार-बार मीटर बदलने के खेल की निष्पक्ष जांच कराते हैं या मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।
पड़ताल जारी






