नमो घाट पर कल से सजेगी सुरों की महफिल, ‘भजन क्लबिंग’ से होगा आगाज

चार दिवसीय काशी गंगा महोत्सव में देशभर के नामी कलाकार देंगे प्रस्तुति
कल्पना पटवारी, कुमार सत्यम और पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र होंगे मुख्य आकर्षण
वाराणसी 19 नवंबर :देव दीपावली की भव्यता से पूर्व काशी के नमो घाट पर 20 से 23 नवंबर तक चार दिवसीय ‘काशी गंगा महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इस सांस्कृतिक महाकुंभ में देशभर के ख्यातिलब्ध कलाकार शास्त्रीय संगीत, नृत्य, भजन और लोकगीतों की प्रस्तुतियों से गंगा तट को सुरों के रंग में सराबोर करेंगे।
कमिश्नरी सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंडलायुक्त के. विजेंद्र पांडियन ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह आयोजन हो रहा है। महोत्सव में स्थानीय प्रतिभाओं के साथ-साथ देश के प्रतिष्ठित कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा। चारों दिन नमो घाट पर कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी नृत्य के साथ शास्त्रीय व लोक संगीत की छटा बिखरेगी।
मंडलायुक्त के अनुसार, यह महोत्सव परंपरागत कला और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम बनेगा, जिससे नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।
*चार दिवसीय कार्यक्रम की प्रमुख झलकियां*
20 नवंबर (शुभारंभ): डमरू और शंख वादन की मंगल ध्वनि से महोत्सव की शुरुआत होगी। इसके बाद राघव-प्राची की विशेष प्रस्तुति ‘काशी भजन क्लबिंग’ होगी, जिसमें युवाओं को भक्ति संगीत से जोड़ने के लिए पारंपरिक भजनों को इलेक्ट्रॉनिक बीट्स के साथ पेश किया जाएगा।
21 नवंबर: देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों द्वारा शास्त्रीय गायन और कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
22 नवंबर: सुप्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी अपने भोजपुरी और पारंपरिक लोकगीतों से समां बांधेंगी।
23 नवंबर (समापन): पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र की ‘ताल वाद्य कचहरी’ आकर्षण का केंद्र रहेगी। महोत्सव का भव्य समापन लोकप्रिय भजन गायक कुमार सत्यम की प्रस्तुति के साथ होगा।





