स्वच्छता में काशी की हैट्रिक: ‘बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में वाराणसी देशभर में तीसरे स्थान पर

नई दिल्ली / वाराणसी 12नवंबर : गंगा की निर्मलता और ऐतिहासिक घाटों की स्वच्छता के मामले में काशी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कामयाबी का परचम लहराया है। ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ के अंतर्गत ‘बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन’ (Best River Front Town) श्रेणी में वाराणसी ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है।
बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शहर को यह राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। वाराणसी की ओर से प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने यह सम्मान ग्रहण किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा भी उपस्थित रहे।
क्यों मिला काशी को यह सम्मान?
नदी किनारे बसे देश के प्रमुख शहरों के बीच हुए कड़े मूल्यांकन में वाराणसी ने अपने ठोस प्रबंधन के दम पर यह मुकाम पाया है। खास बात यह है कि वर्ष 2020 से अब तक हुए सभी छह स्वच्छता सर्वेक्षणों में काशी लगातार शीर्ष शहरों में अपनी जगह बनाए हुए है।
तीन पालियों में सफाई: अस्सी घाट से लेकर नमो घाट तक चौबीसों घंटे स्वच्छता बनाए रखने के लिए तीन पालियों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल: नालों को टैप कर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के जरिए पानी का शोधन किया जा रहा है, वहीं नदी में तैरते कचरे को हटाने के लिए ट्रैश स्कीमर मशीनें तैनात की गई हैं।
पूजन सामग्री का निस्तारण: घाटों पर चढ़ाई जाने वाली पूजन सामग्री को अलग एकत्र कर उसके पुनर्चक्रण (रिसाइकिल) की व्यवस्था की गई है।
वैज्ञानिक कसौटी पर खरा: सर्वेक्षण टीम ने दस्तावेजों की जांच और आमजन के फीडबैक के साथ-साथ गंगा जल में घुलनशील ऑक्सीजन (DO), बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड (BOD), पीएच (pH) और फीकल कोलीफॉर्म जैसे वैज्ञानिक मानकों की भी जांच की।
निगम मुख्यालय में जश्न, उड़े अबीर-गुलाल
नई दिल्ली में पुरस्कार मिलने का सीधा प्रसारण सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय के सभागार में बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। जैसे ही राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिलने का दृश्य सामने आया, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद निगम परिसर में सफाई मित्रों और कर्मचारियों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी। जश्न में उपसभापति नरसिंह दास सहित कई पार्षद व अधिकारी शामिल हुए।
“यह सम्मान हर काशीवासी के लिए गौरव की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में मिली इस सफलता का असली श्रेय हमारे उन सफाई मित्रों को जाता है, जो दिन-रात मेहनत कर शहर को संवार रहे हैं।”— अशोक कुमार तिवारी, महापौर (वाराणसी)
“गंगा और घाटों को निर्मल रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह उपलब्धि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। आने वाले समय में आधुनिक तकनीक और जनभागीदारी से इस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।”— हिमांशु नागपाल, नगर आयुक्त (वाराणसी)






