पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में भर्ती

नई दिल्ली 12नवंबर : देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक (सुबह की सैर) के दौरान वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद मौके🧦 पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ ने उन्हें संभाला और आनन-फानन में इलाज के लिए दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, AIIMS के वरिष्ठ डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी देखरेख कर रही है और आवश्यक चिकित्सीय जांच की जा रही है। फिलहाल उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उनके अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों में चिंता की लहर दौड़ गई है। कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। अस्पताल प्रशासन की ओर से जल्द ही उनके स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी किए जाने की संभावना है।





