FSSAI की बड़ी कार्रवाई: बिसलेरी समेत 5 कंपनियों पर चलेगा मुकदमा, पानी में कैंसरकारी तत्व मिलने का दावा

नई दिल्ली23 नवंबर :भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड सहित पांच प्रमुख खाद्य कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई (मुकदमा चलाने) की मंजूरी दे दी है। जांच के दौरान इन कंपनियों के उत्पाद ‘असुरक्षित’ या ‘घटिया’ श्रेणी के पाए गए हैं।
पानी के सैंपल में मिले खतरनाक तत्व
FSSAI ने रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम से इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। प्राधिकरण के अनुसार, बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के नमूनों की जांच में ‘ब्रोमेट’ (Bromate) की मात्रा तय मानकों से अधिक पाई गई, जिसके बाद इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।
कंपनी की अपील पर जब इस सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, तो वहां भी यह जांच में फेल हो गया। लैब रिपोर्ट में पानी के अंदर ‘पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन’ (PAHs) की मौजूदगी पाई गई है, जिन्हें स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा कैंसरकारी (कार्सिनोजेनिक) तत्व माना जाता है।
इन 5 कंपनियों पर गिरी गाज
बिसलेरी इंटरनेशनल प्रा. लि.: पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर जांच में असुरक्षित पाया गया।
वसंत मसाला प्रा. लि.: मिर्च पाउडर में तय सीमा से अधिक कीटनाशक (पेस्टिसाइड) अवशेष मिले।
टिट-बिट फूड्स इंडिया प्रा. लि.: मिर्च और हल्दी पाउडर में गुणवत्ता की खामियां; हल्दी में टिन की मात्रा मानक से अधिक।
मीमांसा इंडस्ट्रीज: अखरोट की गिरी में नमी, खराबी और बासीपन (रेंसिडिटी) की पुष्टि।
आशा कन्फेक्शनरी: चॉकलेट फिल्ड कुकीज को असुरक्षित, मिसब्रांडेड और घटिया पाया गया।
उत्पाद रिकॉल और लाइसेंस निलंबन के आदेश
कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए FSSAI ने आशा कन्फेक्शनरी को अपनी प्री-पैक चॉकलेट फिल्ड कुकीज की खेप को तत्काल प्रभाव से बाजार से वापस लेने (रिकॉल) का निर्देश दिया है। इसके अतिरिक्त, नियमों की अनदेखी करने पर ‘उर्मि लाइफसाइंसेज LLP’ और ‘गौर आयुर्वेदिक स्टोर’ के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।
कंपनी का पक्ष
इस पूरे मामले पर बिसलेरी ने सोमवार को अपना आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं के लिए सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह इस मामले में नियामक (FSSAI) के साथ पूरा सहयोग करेगी।






