ताज़ातरीन

विद्युत विभाग : रिमोट से चलने वाले मीटर का खेल उजागर: ‘उपभोक्ता की आवाज’ की खबर के बाद जागे अफसर, एई (मीटर)चुनार को कारण बताओ नोटिस!

मीरजापुर23नवंबर : बिजली विभाग में मीटर बदलने और कथित मिलीभगत से जुड़े एक सनसनीखेज मामले में “उपभोक्ता की आवाज” की रिपोर्ट के बाद विभाग में हलचल मच गई है। कार्यालय अधिशासी अभियंता, विद्युत परीक्षण खंड (पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, जंग्गी रोड, मीरजापुर) के पत्र के माध्यम से विद्युत परीक्षण उपखंड-चुनार के सहायक अभियंता (मीटर) विनय सिंह को नियम-10 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 कार्य दिवस में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

छापेमारी, लैब जांच और बार-बार मीटर बदलने का मामला

नोटिस में दर्ज विवरण के अनुसार, “विद्युत विभागः पूर्वांचल डिस्कॉम में मीटर टैपरिंग का बड़ा खेलः चार बार बदला आटा चक्की का मीटर” शीर्षक से खबर प्रसारित होने के बाद यह कार्रवाई सामने आई। प्रकरण से जुड़े प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं:

26 किलोवाट का कनेक्शन: उपभोक्ता हिमांशु गुप्ता के 26 किलोवाट स्वीकृत भार वाले औद्योगिक संयोजन (खाता संख्या 0781422813) के परिसर पर बार-बार मीटर बदला गया।

रात में छापेमारी और बंद मीटर: 28.10.2026 की रात करीब 9:10 बजेअधिशासी अभियंता (वितरण खंड-चुनार)  शुभम मिश्रा, अधिकारी  संजय यादव और प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने छापा मारा, जहां मुख्य मीटर (8083782) और पोल मीटर (6129497) बंद पाए गए और वोल्टेज व करंट शून्य दिखा, जबकि आटा चक्की व थ्री-फेज मोटरें चलती मिलीं।

लैब में रिमोट डिवाइस और एफआईआर: अगले दिन 29.10.2026 को परीक्षण उपखंड-चुनार की लैब जांच में दोनों मीटरों के बॉक्स, सील व बॉडी टैपर मिले और भीतर रिमोट कंट्रोल्ड डिवाइस लगी पाई गई, जिसके बाद एंटी पावर थेफ्ट थाना मीरजापुर में विद्युत अधिनियम की धारा 135 व 138 के तहत एफआईआर संख्या 1208/2026 दर्ज हुई।

स्मार्ट मीटर के निर्देश और जवाब-तलब: संलग्न पत्रांक 686 (दिनांक 04-12-2025) (जिसमें 03.12.2025 के निर्देशों का हवाला है) के तहत कृषि उपभोक्ताओं को छोड़कर सभी डिफेक्टिव मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने का निर्देश था, बावजूद इसके बार-बार मीटर बदलने, किसके आदेश से मीटर अनडेट करने, निरीक्षण/राजस्व निर्धारण न होने और जांच दस्तावेजों की सत्यापित प्रति न देने पर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

सहायक अभियंता की तैनाती और उठते सवाल
इस पूरे प्रकरण के साथ सहायक अभियंता (मीटर) विनय सिंह की तैनाती को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2007 में निगम में नियुक्ति के समय से ही वे मीरजापुर में तैनात बताए जाते हैं, और पदोन्नति पर कुछ महीनों के लिए मध्यांचल डिस्कॉम में स्थानांतरण होने के बावजूद कथित रूप से मीरजापुर में वापस आ गए।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि ‘उपभोक्ता की आवाज’ की खबर सामने आने के बाद ही अफसर क्यों जागे, और जब छोटे उपभोक्ताओं के यहां हर हाल में स्मार्ट मीटर लगाने का दबाव बनाया जाता है, तब बड़े और भारी लोड वाले कनेक्शनों के मामले में नियम-कानून कैसे ताक पर रख दिए जाते हैं।

इस पूरे प्रकरण पर मुख्य अभियंता (मीरजापुर) का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है, हालांकि एक ही उपभोक्ता के परिसर पर चार बार मीटर बदले जाने के सीधे सवाल पर वे चुप्पी साध गए। अधिकारियों की यह सीमित प्रतिक्रिया कई अनसुलझे सवाल छोड़ती है—आखिर नियमों के विपरीत बार-बार मीटर बदलने की अनुमति किस स्तर से मिली और अब तक इस पर ठोस जवाबदेही क्यों तय नहीं हो सकी।

पूरे प्रकरण में निदेशक (वाणिज्य) स्तर से भी कथित शिथिलता बरते जाने की चर्चाएं हैं, और पावर कॉरिडोर में यह बात भी तेजी से तैर रही है कि इसी कथित नरम रुख के चलते पूरे डिस्कॉम में बड़ी बिजली चोरियों के मामलों में जिम्मेदार लोगों को बचाव मिल रहा है I

मीरजापुर, गोरखपुर, प्रयागराज, मऊ, देवरिया और अब जौनपुर—एक के बाद एक इन जिलों में बिजली चोरी और मीटर गड़बड़ी के बड़े मामले सामने आना, और उस पर डिस्कॉम मुख्यालय का चुप्पी साध लेना बेहद चौंकाता है। जब अलग-अलग जिलों में एक ही तरह की गंभीर अनियमितताओं की सुगबुगाहट और कार्रवाई की खबरें आ रही हैं, तब मुख्यालय स्तर की यह खामोशी व्यवस्था की नीयत और निगरानी प्रणाली दोनों पर बड़ा सवालिया निशान लगाती है।

भ्र्ष्टाचार और भ्र्ष्टाचारियो के विरुद्ध युद्ध अभी शेष है।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button