पढ़-लिखकर ‘प्रिंस’ बनो, क्रिकेट कोचिंग में एडमिशन भी करवा देंगे: सीएम योगी

जनता दर्शन’ में अभिभावक की भूमिका में दिखे मुख्यमंत्री, गोंडा से आए कक्षा-8 के छात्र की की काउंसलिंग
आर्थिक सहायता और कोचिंग दिलाने का दिया आश्वासन, अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
लखनऊ 23नवंबर :मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ में एक अलग ही आत्मीय और अभिभावक की भूमिका में नजर आए। जनसमस्याओं की सुनवाई के दौरान गोंडा से आया कक्षा-8 का छात्र प्रिंस साहू क्रिकेट खेलने के लिए आर्थिक सहायता और कोचिंग की फरियाद लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचा। मुख्यमंत्री ने न केवल बच्चे की पूरी बात ध्यान से सुनी, बल्कि 4 से 5 मिनट तक उसके पास खड़े होकर एक अभिभावक की तरह उसकी काउंसलिंग भी की।
मुख्यमंत्री ने बच्चे का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए खूब मन लगाकर पढ़ो-लिखो और असली ‘प्रिंस’ बनो। अच्छे अंकों से कक्षा पास करो, हम क्रिकेट कोचिंग में तुम्हारा एडमिशन भी करवा देंगे।”
खेल के साथ पढ़ाई पर दिया जोर
गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र स्थित पड़री पारासराय गांव निवासी प्रिंस साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसे बचपन से क्रिकेट खेलने का बेहद जुनून है और वह इस क्षेत्र में नाम कमाना चाहता है। हालांकि, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह कोचिंग की फीस भरने और क्रिकेट किट खरीदने में असमर्थ है। इस पर सीएम योगी ने उसे समझाया कि खेल के साथ-साथ पढ़ाई-लिखाई भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने प्रिंस को आश्वस्त किया कि सरकार की ओर से उसे आवश्यक आर्थिक मदद और प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
धन के अभाव में नहीं रुकेगा किसी का इलाज
‘जनता दर्शन’ के दौरान मुख्यमंत्री ने कुर्सियों पर बैठे प्रत्येक फरियादी के पास जाकर स्वयं उनके प्रार्थना पत्र लिए और समस्याएं सुनीं। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में धन के अभाव में किसी का भी इलाज नहीं रुकेगा। अस्पताल से एस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से तत्काल आर्थिक मदद जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को पुलिस, राजस्व, शिक्षा और बिजली से जुड़े प्रकरणों के प्रार्थना पत्र सौंपते हुए सख्त निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।






