एक झलक

छठ महापर्व: आज खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत, जानिए पूजा का शुभ मुहूर्त

वाराणसी14नवंबर :लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम पूरे देश में देखने को मिल रही है। घरों से लेकर घाटों तक भक्तिमय माहौल बना हुआ है और चारों तरफ छठ के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती पूरी निष्ठा, नियम और साफ-सफाई के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर रहे हैं।

13 नवंबर को ‘नहाय-खाय’ के साथ इस महापर्व की शुरुआत हो चुकी है। इसके बाद आज (14 नवंबर) कार्तिक शुक्ल पंचमी के दिन ‘खरना’ मनाया जा रहा है। खरना के साथ ही व्रतियों का कठिन 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा।

नहाय-खाय के बाद आज मनाया जा रहा है खरना

छठ महापर्व का पहला दिन ‘नहाय-खाय’ होता है, जिसमें व्रती पवित्र नदी या तालाब में स्नान करने के बाद घर की साफ-सफाई करते हैं और सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं।

आज यानी 14 नवंबर को खरना है। इस दिन व्रती सुबह से लेकर शाम तक उपवास रखते हैं। खरना के प्रसाद का विशेष महत्व होता है। आज के दिन मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी की आंच पर प्रसाद तैयार किया जाता है। इसमें गुड़, दूध और अरवा चावल से विशेष खीर बनाई जाती है, जिसके साथ रोटी भी बनाई जाती है। इस दौरान पवित्रता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है।

शाम के समय सबसे पहले भगवान सूर्य और छठी मैया को खीर और रोटी का भोग लगाया जाता है। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच भी प्रसाद वितरित किया जाता है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत आरंभ हो जाता है, जिसके तहत वे अन्न और जल का त्याग करते हैं।

खरना पूजा और सूर्य अर्घ्य का शुभ मुहूर्त

पंचांग के अनुसार, आज खरना पूजा के लिए शाम 5:22 मिनट से 7:46 मिनट तक का समय सबसे उत्तम और शुभ रहेगा।

पर्व के आगामी मुख्य पड़ाव इस प्रकार हैं:

डूबते सूर्य को अर्घ्य (संध्या अर्घ्य): रविवार, 15 नवंबर को शाम 5:24 बजे तक डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन व्रती अपने परिवार के साथ घाटों पर पहुंचकर पूजा की टोकरी और प्रसाद अर्पित करेंगे।

उगते सूर्य को अर्घ्य और व्रत का समापन: सोमवार, 16 नवंबर को सुबह 6:07 बजे के बाद उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। सूर्यदेव को जल अर्पित करने और छठी मैया की पूजा-अर्चना के बाद व्रती अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत खोलेंगे (पारणा करेंगे)। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button