परिसीमन बिल से 2029 में लागू होगा महिला आरक्षण, सीटें भी 50 फीसदी बढ़ेंगी : सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय कैबिनेट का जताया आभार
यूपी के सभी 80 सांसदों से विधेयक के समर्थन में एकजुट होने की अपील
2011 की जनगणना के आधार पर मौजूदा अनुपात में ही बढ़ेंगी सीटें, किसी राज्य को नुकसान नहीं
लखनऊ, 28 नवंबर :केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक फैसले से ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को आगामी 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है। इसके प्रभावी होने से देश की संसद और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिल सकेगा।
मौजूदा अनुपात में बढ़ेंगी 50% सीटें
मुख्यमंत्री ने विधेयक के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की हरी झंडी मिलने के बाद संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का रास्ता साफ हो गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परिसीमन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि 2011 की जनगणना को आधार बनाते हुए राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों के अनुपात को यथावत रखा जाएगा। उसी अनुपात में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे किसी भी राज्य की राजनीतिक हिस्सेदारी प्रभावित होने की कोई आशंका नहीं रहेगी।
15 साल के लिए लागू होगा आरक्षण
सीएम योगी ने बताया कि महिला आरक्षण को प्रारंभिक तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू किया जाएगा और सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया को निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने इसे देश की आधी आबादी को नीति-निर्माण के सर्वोच्च मंचों पर कम से कम 33 फीसदी प्रतिनिधित्व देने वाली एक क्रांतिकारी पहल बताया।
यूपी के सभी 80 सांसदों से समर्थन की अपील
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से दलीय सीमाओं से ऊपर उठकर परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का सशक्तीकरण ही समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का मुख्य आधार है। यह सभी जनप्रतिनिधियों के लिए एक सुनहरा अवसर है कि वे 2029 के चुनाव में महिला आरक्षण लागू करने के इस ऐतिहासिक संकल्प में अपना योगदान दें।






