पूर्वांचल

रामनगर किले के पास L&T की लापरवाही से भीषण आग, लाखों के बिजली केबल खाक

छह महीने से किले की बाउंड्री से सटाकर लावारिस छोड़े गए थे भूमिगत केबल और पाइप

शुक्रवार रात आठ बजे लगी आग की लपटें देख इलाके में मची अफरा-तफरी, दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू

वाराणसी /रामनगर13नवंबर :प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में चल रहे भूमिगत विद्युतीकरण (अंडरग्राउंड केबलिंग) के काम में कार्यदायी संस्था एलएंडटी (L&T) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शहर की सड़कों और कॉलोनियों को खोदकर गड्ढों में तब्दील करने के बाद, कंपनी द्वारा जगह-जगह बेतरतीब ढंग से छोड़े गए केबल और पाइप अब जानलेवा साबित हो रहे हैं। शुक्रवार रात करीब आठ बजे रामनगर किले की बाउंड्री से सटाकर रखे गए कंपनी के बिजली केबल के बंडलों में भीषण आग लग गई। इस अगलगी में लाखों रुपये के केबल जलकर राख हो गए।

आसमान छूने लगीं लपटें, किले की सुरक्षा भी हुई सतर्क

आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं। तेज लपटों और धुएं के गुबार को देख आसपास के घरों के लोग दहशत में बाहर निकल आए और सड़क पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। ऐतिहासिक रामनगर किले की दीवार से सटकर आग लगने के कारण किले में तैनात सुरक्षाकर्मी भी तत्काल सतर्क हो गए। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की दो गाड़ियों को कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली।

कूड़े की चिंगारी से भड़की आग, स्थानीय लोगों में आक्रोश

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, किले की बाउंड्री के पास पिछले छह महीने से भूमिगत केबल बिछाने के लिए ये बंडल लावारिस हालत में पड़े हुए थे। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कंपनी के ठेकेदारों से इसे हटाने की गुहार लगाई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। चर्चा है कि शुक्रवार रात पास के ही किसी दुकानदार ने कूड़े में आग लगाई थी, जिसकी उड़ी हुई चिंगारी ने सूखे और ज्वलनशील केबल को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button