त्योहारों पर जाम से मिलेगी राहत: वाराणसी पुलिस आयुक्त खुद उतरे सड़कों पर, दिए सख्त निर्देश

कचहरी से भोजूबीर व मरीमाई से रथयात्रा तक पुलिस आयुक्त ने खुद की स्थिति की समीक्षा; अगले 4 दिन थानों की 80% पुलिस रहेगी सड़कों पर
वाराणसी 04नवंबर :आगामी धनतेरस, दीपावली और भाईदूज के पर्वों पर शहर को जाम मुक्त रखने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। सड़कों पर वाहनों के बढ़ते दबाव और बाजारों में भीड़ की जमीनी हकीकत परखने के लिए बुधवार को पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने कचहरी से भोजूबीर तथा मरीमाई से रथयात्रा तक के प्रमुख मार्गों, बाजारों व जाम संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर मौके पर ही आलाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगले चार दिनों तक कार्यालयों में बैठने के बजाय राजपत्रित अधिकारी (सीओ/एडीसीपी) और थाना प्रभारी सड़कों पर रहकर ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी 10 प्रमुख दिशा-निर्देश:
-
अगले 4 दिन ग्राउंड पर रहेंगे अफसर: आगामी त्योहारों के दौरान सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी सड़कों पर मुस्तैद रहेंगे ताकि जाम या अव्यवस्था की स्थिति में मौके पर ही तुरंत फैसला लिया जा सके।
-
थानों की 80% फोर्स मैदान में: प्रत्येक थाने में उपलब्ध कुल पुलिस बल का 80 प्रतिशत हिस्सा बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात रहेगा।
-
जाम संभावित स्थलों पर विशेष नजर: पुलिस व यातायात पुलिस आपसी समन्वय बनाकर रूट डायवर्जन और ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करेगी।
-
अतिक्रमण पर चलेगा अभियान: दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर अस्थायी कब्जे, ठेले-खोमचे हटाए जाएंगे ताकि राहगीरों और वाहनों को रास्ता मिल सके।
-
कलर-कोडेड पार्किंग का कड़ाई से पालन: निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों और अव्यवस्थित वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई होगी।
-
दुकानदारों की तय होगी जिम्मेदारी: बाजारों में दुकानदार अपने ग्राहकों के वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े कराएं। सड़क पर वाहन खड़े करवाकर जाम लगाने वालों को चेतावनी दी जाएगी।
-
वैकल्पिक पार्किंग व सांकेतिक बोर्ड: प्रमुख पार्किंग के भरने पर चालकों को नजदीकी वैकल्पिक स्थानों पर भेजा जाएगा। इसके लिए साइनबोर्ड और पुलिस मार्गदर्शन उपलब्ध रहेगा।
-
नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा: रॉन्ग साइड ड्राइविंग, नो-पार्किंग, बिना हेलमेट और सड़क पर बेवजह गाड़ी रोकने वालों के खिलाफ चालान व अन्य वैधानिक कार्रवाई होगी।
-
इमरजेंसी सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर: एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भीड़ के बीच भी प्राथमिकता से रास्ता दिया जाएगा।
-
अधिकारियों की पैदल गश्त: उच्च अधिकारी नियमित रूप से व्यस्त बाजारों में पैदल गश्त कर व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।
वाराणसी पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों और व्यापारिक संगठनों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क व फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में पुलिस का सहयोग करें ताकि सभी का त्योहार सुरक्षित और सुगम रहे।






