विद्युत विभाग :छठ पर्व को लेकर अलर्ट पर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम, एमडी ने नगवा उपकेंद्र व अस्सी घाट का किया निरीक्षण

वाराणसी13नवंबर :आगामी महापर्व छठ के मद्देनजर श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PuVVNL) पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में लंबे अंतराल के बाद प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एमडी ने नगवा विद्युत उपकेंद्र सहित अस्सी घाट और आसपास के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
सुचारु और सुरक्षित बिजली आपूर्ति के कड़े निर्देश
निरीक्षण के दौरान एमडी ने उपकेंद्र की कार्यप्रणाली, लोड प्रबंधन और फीडरों की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पर्व के दौरान किसी भी स्थिति में बिजली कटौती या वोल्टेज की समस्या नहीं आनी चाहिए। इसके साथ ही, उन्होंने घाटों के आसपास लटकते हुए तारों को तत्काल दुरुस्त करने, खुले जंक्शन बॉक्स को सुरक्षित करने और प्रकाश व्यवस्था के लिए वैकल्पिक इंतजाम (ट्रांसफार्मर व ट्रॉली ट्रांसफार्मर) तैयार रखने के आदेश दिए, ताकि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
ये अधिकारी रहे मौजूद
प्रबंध निदेशक के इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान मुख्य रूप से मुख्य अभियंता जोन-1 अनिल वर्मा, अधिशासी अभियंता सौरभ पांडे सहित बिजली विभाग के अन्य संबंधित अभियंता और कर्मचारी मौजूद रहे। एमडी ने सभी अधिकारियों को पर्व के दौरान 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी फॉल्ट की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने की हिदायत दी है।






