विशाल यादव हत्याकांड: ‘मामला गैंग के अंदरूनी विवाद का लग रहा’, पूर्व सांसद धनंजय सिंह का बड़ा बयान

परिजनों के आरोपों को भी जांच में शामिल करने की बात कही; बोले— संलिप्तता मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
जौनपुर15सितंबर :लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में बीते दिनों दिनदहाड़े हुई विशाल यादव की निर्मम हत्या के मामले में राजनीति और बयानों का दौर शुरू हो गया है। इस वारदात पर अब जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने प्राथमिक जानकारी के आधार पर इस घटना को गैंग के अंदरूनी आपसी विवाद का नतीजा बताया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस पूरी गंभीरता से मामले की जांच कर रही है और पीड़ित परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह के अनुसार, पुलिस प्रशासन से हुई बातचीत में यह बात सामने आई है कि मृतक विशाल यादव और वारदात में शामिल बताए जा रहे युवकों के बीच पहले काफी घनिष्ठता थी और वे अक्सर साथ रहते थे। हालांकि, बाद में किसी बात को लेकर उनके रिश्तों में खटास आ गई और दोनों पक्षों में दुश्मनी बढ़ गई। प्राथमिक दृष्टि में इसी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। धनंजय सिंह ने कहा कि वास्तविक और अंतिम स्थिति पुलिस की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी।
परिजनों के आरोपों पर बोले धनंजय सिंह
पूर्व सांसद ने कहा कि पुलिस इस संवेदनशील मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। मृतक के परिवार ने जिन लोगों पर संदेह या आरोप जताया है, उनकी भूमिका की भी निष्पक्षता से पड़ताल की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि जांच में किसी की भी संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ पुलिस द्वारा कड़ी कानूनी कार्रवाई निश्चित रूप से की जाएगी।
पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात
धनंजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए जानकारी दी कि वे इस घटना से अत्यंत दुखी हैं। जिले से बाहर होने के कारण वे तुरंत पीड़ित परिवार से नहीं मिल सके थे। उन्होंने बताया कि वे 14 सितंबर को जौनपुर पहुंचते ही विशाल यादव के घर जाकर परिजनों से मुलाकात करेंगे और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहेंगे।
सपा विधायक लकी यादव पर लगे आरोपों से गरमाई राजनीति
गौरतलब है कि रामदयालगंज बाजार में गुरुवार को विशाल यादव की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद परिजनों ने मल्हनी सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक लकी यादव पर आरोपियों को शह व संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए थे।
दूसरी ओर, सपा विधायक लकी यादव ने परिजनों के इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। विधायक का कहना है कि उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय व हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल, पुलिस इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है। पुलिस की जांच जारी है, जिससे हत्या के मुख्य कारणों और पर्दे के पीछे शामिल अन्य चेहरों का जल्द खुलासा होने की उम्मीद है।






