ताज़ातरीन

सिद्धार्थनगर में बिजली विभाग के सहायक लेखाकार पर जानलेवा हमला और लूट, विभागीय जांच से पीछे न हटने पर मिली थी धमकी

मुख्य अभियंता बस्ती के संरक्षण में दागी कर्मियों के हौसले बुलंद होने का आरोप, डिस्कॉम मुख्यालय वाराणसी के जिम्मेदारों की चुप्पी से विभाग की किरकिरी तय

सिद्धार्थनगर18नवंबर: पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अंतर्गत आने वाले सिद्धार्थनगर जनपद में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और अंदरूनी गुटबाजी ने अब हिंसक रूप ले लिया है।

विद्युत परीक्षण खण्ड, सिद्धार्थनगर में तैनात सहायक लेखाकार गणेश कुमार पाण्डेय पर कार्यालय से घर लौटते समय अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है। इस सनसनीखेज घटना के बाद विभागीय गलियारों में हड़कंप मच गया है।

पीड़ित ने इस पूरी वारदात के पीछे विभाग के ही एक लेखाकार की आपराधिक साजिश होने की आशंका जताई है।

वहीं, मुख्य अभियंता बस्ती क्षेत्र के संरक्षण में दागी कर्मचारियों की मनमानी चरम पर होने और डिस्कॉम मुख्यालय वाराणसी के उच्चाधिकारियों की चुप्पी पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

कार्यालय से घर लौटते समय रास्ते में बनाया निशाना

विद्युत परीक्षण खण्ड, सिद्धार्थनगर के अधिशासी अभियंता को दिए गए लिखित प्रार्थना पत्र के अनुसार, मूल रूप से महाराजगंज जनपद के फरेन्दा खुर्द निवासी गणेश कुमार पाण्डेय मंगलवार (17 नवंबर 2026) को शाम करीब 5:10 बजे कार्यालय बंद होने के बाद किसी आवश्यक कार्य से अपनी स्कूटी से घर जा रहे थे। शाम लगभग 5:50 बजे उसका बाजार क्षेत्र के महादेवा के बीच पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मारकर गिरा दिया।

सड़क पर गिरते ही बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने गणेश कुमार पाण्डेय पर जानलेवा हमला बोल दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान हमलावरों ने पीड़ित का ओप्पो मोबाइल फोन (मॉडल K12x), लगभग 5,500 रुपये नकद वाला पर्स और अन्य महत्वपूर्ण कागजात छीन लिए।

पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर बदमाश स्कूटी की चाभी फेंककर उसका बाजार की ओर फरार हो गए।

विभागीय जांच से दूर रहने की मिली थी चेतावनी

इस घटना ने तब और गंभीर मोड़ ले लिया जब पीड़ित सहायक लेखाकार ने अपने ही विभाग के एक कर्मचारी पर साजिश रचने का सीधा आरोप लगाया। प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में विद्युत वितरण खण्ड सिद्धार्थनगर में कार्यरत लेखाकार सोमनाथ प्रजापति  द्वारा उन्हें फोन पर परोक्ष रूप से धमकी दी गई थी। फोन पर कहा गया था कि “आप स्कूटी से आते-जाते हैं, कुछ दिन स्कूटी से आना-जाना अवॉइड करिए, नहीं तो सड़क पर आपके साथ कुछ भी हो सकता है।”

इतना ही नहीं, घटना से करीब 10 दिन पहले भी आरोपी लेखाकार ने विद्युत परीक्षण खण्ड कार्यालय में आकर उन्हें विभागीय जांच के मामलों से दूर रहने और बैकफुट पर आने की चेतावनी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

पीड़ित का कहना है कि यह हमला और लूट उन्हीं के आपराधिक षडयंत्र का नतीजा है और सामने आने पर वह हमलावरों को पहचान सकते हैं।

अधिकारियों के संरक्षण और मुख्यालय की चुप्पी पर उठे सवाल

इस पूरी घटना ने बिजली विभाग के प्रशासनिक अनुशासन की पोल खोलकर रख दी है। विभागीय सूत्रों और कर्मचारियों के बीच इस बात की जोरदार चर्चा है कि मुख्य अभियंता बस्ती के संरक्षण में क्षेत्र के दागी और विवादित कर्मचारियों की मनमानी चरम पर पहुंच गई है। हालत यह है कि ईमानदारी से काम करने वाले और विभागीय जांच से जुड़े कर्मचारियों को अब सरेआम जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और उन पर जानलेवा हमले हो रहे हैं।

दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड मुख्यालय, वाराणसी के जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी भी कई सवाल खड़े कर रही है।

यदि मुख्यालय स्तर से इस गंभीर प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेकर दोषियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में बिजली विभाग की बड़ी फजीहत होना तय माना जा रहा है।

पीड़ित सहायक लेखाकार ने अधिशासी अभियंता से आरोपी लेखाकार और हमलावरों के विरुद्ध कठोर विभागीय व कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

करोड़ों रुपये के फोर्स घोटाले और सेवानिवृत्त कर्मी के 29 लाख रुपये अपने खाते में स्थानांतरित करने जैसे कई गंभीर आरोपों से घिरे लेखाकार को मुख्य अभियंता बस्ती द्वारा कथित तौर पर बचाए जाने की चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं। सहायक लेखाकार पर हुए जानलेवा हमले जैसे मामलों में दोषियों पर ठोस कार्रवाई के बजाय लीपापोती की सुगबुगाहट है।

यदि डिस्कॉम मुख्यालय वाराणसी और शासन स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों ने इन मामलों का तत्काल संज्ञान लेकर कठोर वैधानिक व प्रशासनिक कदम नहीं उठाए, तो मची भगदड़ और भ्रष्टाचार के इन पर्दों के बीच बिजली विभाग की प्रशासनिक साख पूरी तरह धूमिल होना तय है।

पड़ताल जारी 

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button