ताज़ातरीन

विद्युत विभाग गोरखपुर विसर्जन कांड: निलंबित जेई निकेतन गुप्ता को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत, विभागीय तंत्र की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल

गोरखपुर 15नवंबर :गुलरिहा क्षेत्र के रजही चौराहे पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुए दर्दनाक हादसे (लक्की, विक्की और चंदन की मौत) को तीन हफ्ते बीत चुके हैं। इस गंभीर प्रकरण में अब इलाहाबाद उच्च न्यायालय से निलंबित जूनियर इंजीनियर निकेतन गुप्ता के पक्ष में बड़ा फैसला आया है।

माननीय न्यायालय ने जेई के निलंबन आदेश पर रोक लगाते हुए विभागीय कार्रवाई और जांच को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसने पूर्वांचल डिस्कॉम की कार्यप्रणाली और उच्च अधिकारियों की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इलाहाबाद हाईकोर्ट का अहम फैसला: क्या कहा न्यायालय ने?

माननीय न्यायमूर्ति दिनेश पाठक की अदालत (Writ – A No. – 18181 of 2026) में सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता जेई निकेतन गुप्ता के पक्ष को मजबूती से रखा गया। अदालत ने अपने आदेश में निम्नलिखित निर्देश दिए हैं:

निलंबन आदेश पर रोक:

जब तक अनुशासनात्मक प्राधिकारी द्वारा कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक 21 अक्टूबर 2026 के निलंबन आदेश के प्रभाव और संचालन को स्थगित रखा जाएगा।

समयसीमा:

जांच समिति एक महीने के भीतर याचिकाकर्ता को प्रासंगिक दस्तावेजों और गवाहों की सूची के साथ आरोप-पत्र (Charge Sheet) उपलब्ध कराएगी।

सुनवाई का अवसर:

चार्ज शीट मिलने के 20 दिनों के भीतर जेई को अपना बचाव और जवाब प्रस्तुत करना होगा, जिसके बाद अनुशासनात्मक कार्यवाही को चार महीने के भीतर कानूनी रूप से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

न्याय की बाट जोहता पीड़ित परिवार और तंत्र की दोहरी नीति

इस विसर्जन कांड के तुरंत बाद जनता के आक्रोश को शांत करने और मीडिया की सुर्खियों से बचने के लिए आनन-फानन में फील्ड में मुस्तैद रहे जूनियर इंजीनियर निकेतन गुप्ता को बलि का बकरा बनाकर निलंबित कर दिया गया था।

लेकिन अब अदालत के इस फैसले और शुरुआती तथ्यों से यह साफ होने लगा है कि किस तरह छोटे कर्मचारियों पर गाज गिराकर असली जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ने की कोशिश की गई।

फील्ड से नदारद रहने के आरोप:

स्थानीय स्तर पर और सूत्रों के हवाले से यह सवाल लगातार उठ रहा है कि घटना के वक्त जब संवेदनशील विसर्जन यात्रा निकल रही थी, तब संबंधित क्षेत्र के एसडीओ (SDO) गाजी खान मौके से नदारद क्यों थे?

प्रारंभिक जांच अधूरी और संरक्षण का खेल:

घटना के हफ्तों बीत जाने के बावजूद मुख्य रूप से जिम्मेदार ठहराए जा रहे एसडीओ गाजी खान पर कोई ठोस विभागीय कार्रवाई या निलंबन न होना, विभागीय तंत्र के भीतर उनके लिए तैयार किए गए ‘सुरक्षा कवच’ और लॉबिंग को उजागर करता है।

पूर्वांचल डिस्कॉम की टेक्निकल विंग पर टकटकी

हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद अब पूर्वांचल डिस्कॉम के शीर्ष अधिकारियों और टेक्निकल विंग की कार्यशैली कटघरे में आ गई है।

क्या प्राथमिक जांच को समय पर पूरा न करने और एकतरफा कार्रवाई करने वाले अधिकारी अब अपनी गलती सुधारेंगे?

क्या फील्ड में मौजूद रहकर अपनी ड्यूटी निभा रहे जेई को तुरंत निलंबित करने वाले जिम्मेदार उच्च अधिकारी अब एसडीओ गाजी खान की संलिप्तता और लापरवाही पर वही पैमाना अपनाएंगे?

लक्की, विक्की और चंदन के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है। जब तक इस बड़ी त्रासदी में बिना किसी भेदभाव के वास्तविक दोषियों पर शिकंजा नहीं कसा जाता, तब तक महकमे की साख और न्याय की उम्मीद कागजी खानापूर्ति ही बनकर रह जाएगी।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button