30 लाख नौकरियां कहां से देंगे अखिलेश, पहले बताएं सपा सरकार में कितने युवाओं को नौकरी मिली: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ में यूपीएसएसएससी से चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को बांटे गए नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने कहा- अगले सप्ताह 50 हजार से अधिक और युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
लखनऊ 27 नवंबर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के माध्यम से चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के लिए चयनित इन अभ्यर्थियों में 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा मुखिया के 30 लाख नौकरियां देने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव को पहले यह बताना चाहिए कि वे इतनी नौकरियां कहां से देंगे और चार बार सपा सरकार रहने के दौरान कितने युवाओं को नौकरी मिली थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जिस तेजी से नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे हैं, उसकी गिनती ‘सैफई सिंडिकेट’ नहीं कर पाएगा, क्योंकि उन्हें सिर्फ नोट गिनना आता है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार अब तक करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है।
अगले सप्ताह 50 हजार से अधिक युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के चार और बसपा के तीन शासनकाल में की गई कुल नियुक्तियों को मिला भी दिया जाए, तो उससे दोगुने से अधिक नियुक्तियां उनकी सरकार ने साढ़े नौ वर्षों में की हैं। उन्होंने घोषणा की कि यह सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा और अगले सप्ताह लगभग 50 हजार और युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, जिनमें करीब 8 हजार लेखपाल और 42 हजार होमगार्ड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त शिक्षा सेवा चयन आयोग से चयनित करीब दो हजार अभ्यर्थियों को भी जल्द नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
पुरानी भर्ती व्यवस्था, ओपीएस और परियोजनाओं के खर्च पर घेरा
वर्ष 2017 से पहले की भर्ती प्रक्रियाओं पर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में विज्ञापन निकलते ही ‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ वसूली के लिए निकल पड़ती थी और 2015-16 में थर्ड डिवीजन पास अभ्यर्थी को पीसीएस में टॉप करवा दिया गया था। वहीं, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए उन्होंने पूछा कि न्यू पेंशन स्कीम (एनपीएस) किसने लागू की थी? उन्होंने दावा किया कि 2005 से 2017 तक कर्मचारियों के एनपीएस खाते तक नहीं खोले गए थे, जिसे उनकी सरकार ने सुधारते हुए अपना अंशदान 10 से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और 10 हजार करोड़ रुपये खातों में जमा कराए। इसके अलावा उन्होंने गोमती रिवरफ्रंट और जेपीएनआईसी परियोजनाओं के बजट में हुई कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए नवनियुक्त लेखा परीक्षकों को किसी भी गलत दबाव में न आने की नसीहत दी।
वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के सारथी बनें युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था साढ़े बारह लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है और प्रति व्यक्ति आय भी तीन गुना हुई है। उन्होंने कहा कि पहले युवा कट्टा-बम बनाते थे, जबकि आज यूपी के युवा ब्रह्मोस मिसाइल और आधुनिक राइफल निर्माण जैसे कार्यों में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से मेरिट और ईमानदारी को मूलमंत्र बनाने तथा उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में सारथी बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रमुख सचिव वित्त एवं आईटी आलोक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के हाथों इन प्रमुख अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जिलों से आए नवचयनित सहायक लेखाकारों और लेखा परीक्षकों को मंच से नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी से थारू जनजाति के कपिल कुमार, बलिया की डिम्पल यादव, रायबरेली की ममता यादव, झांसी के श्रीकृष्ण कांत व्यास, मैनपुरी के अभय प्रताप सिंह, संत कबीर नगर की दीपमाला, मुरादाबाद की सोनम सैनी व मोहित चौहान, अंबेडकर नगर के शशांक त्रिपाठी, अयोध्या के गौरव पांडेय, गोरखपुर के कृष्ण रमन, चंदौली के उत्तम कुमार सिंह, आजमगढ़ के रोहन सोनकर व सानिध्य सिंह, जौनपुर के अभिषेक कुमार यादव, कानपुर नगर की ऋतिका सोनकर, शाहजहांपुर के उत्सव सक्सेना, सहारनपुर के राजदीप, प्रयागराज के अभिषेक कुमार और लखनऊ की संस्कृति मेहरोत्रा प्रमुख रूप से शामिल रहे।






