स्वर्णमयी मां अन्नपूर्णा की 51 दीपों से भव्य आरती, देश-प्रदेश की खुशहाली के लिए की गई मंगलकामना

दीपावली के पावन पर्व पर स्वर्णमयी रूप के दर्शन के लिए उमड़ी भक्तों की भारी भीड़
वाराणसी 09नवंबर :काशी नगरी में दीपावली के पावन अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अन्नपूर्णा मठ मंदिर में मां अन्नपूर्णा के दुर्लभ स्वर्णमयी रूप के दर्शन के तीसरे दिन भी भक्तों का तांता लगा रहा। शाम ढलते ही मंदिर परिसर दीपों की रोशनी और मां के जयकारों से गूंज उठा।
रविवार की शाम मंदिर के महंत द्वारा विधि-विधान और पूरी आस्था के साथ मां स्वर्णमयी अन्नपूर्णा की 51 दीपों से भव्य आरती उतारी गई। दीपों के प्रकाश से पूरा मंदिर परिसर आलोकित हो उठा, जिसे देख वहां मौजूद हर श्रद्धालु का मन भावविभोर हो गया।
देश और समाज की समृद्धि की प्रार्थना
आरती के दौरान मंदिर के महंत शंकर पुरी ने देश और प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और जन-कल्याण के लिए विशेष मंगलकामना की। उन्होंने मां अन्नपूर्णा से प्रार्थना की कि देश में अन्न और धन के भंडार हमेशा भरे रहें, किसी भी घर में आभाव न हो और हर तरफ सुख-शांति का वास हो।
श्रद्धालुओं का लगा रहा तांता
इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में दूर-दूर से श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। भक्तों ने कतारबद्ध होकर मां के दर्शन किए, उनका आशीर्वाद लिया और देश की उन्नति एवं प्रगति के लिए प्रार्थना की। दीपावली की शाम काशी में मां अन्नपूर्णा के दरबार में हुआ यह अनुष्ठान सभी के लिए आकर्षण और आस्था का केंद्र रहा।






