पूर्वांचल

आईएमएस बीएचयू में आज से ‘रिकॉन 2026’ का भव्य आगाज, देश के नामचीन रेडियोलॉजी विशेषज्ञ करेंगे शिरकत

वाराणसी30अक्टूबर :काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (IMS) अंतर्गत रेडियोडायग्नोसिस एवं इमेजिंग विभाग के तत्वावधान में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (IRIA) उत्तर प्रदेश चैप्टर का 38वां दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन ‘रिकॉन 2026’ आज, 31 अक्टूबर से आरंभ हो रहा है। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन का आयोजन बीएचयू स्थित इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर टीचर एजुकेशन (IUCTE) परिसर में किया जा रहा है।

सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन आज शाम 4:00 बजे संपन्न होगा। इस गरिमामयी समारोह में बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार इस आयोजन के संरक्षक की भूमिका निभा रहे हैं।

देश के शीर्ष चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ होंगे शामिल

आयोजन अध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार सिंह, आयोजन सचिव प्रो. ईशान कुमार एवं वैज्ञानिक संयोजक प्रो. आशीष वर्मा ने जानकारी दी है कि इस महाकुंभ में एम्स नई दिल्ली, एम्स ऋषिकेश, एम्स रायपुर, एसजीपीजीआई लखनऊ, केजीएमयू लखनऊ, निमहांस बेंगलुरु और एसएमएस जयपुर समेत देश के कई प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के जाने-माने रेडियोलॉजी विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं।

अत्याधुनिक तकनीकों और चिकित्सा विधाओं पर होगी मंथन

दो दिवसीय इस सम्मेलन के दौरान कुल तीन अत्याधुनिक सभागारों में व्याख्यान, पैनल चर्चाएं और व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशालाएं (प्रैक्टिकल वर्कशॉप) आयोजित की जाएंगी। इसमें जिन प्रमुख विषयों पर विशेष चर्चा होगी, उनमें शामिल हैं:

ब्रेन ट्यूमर एवं स्ट्रोक की आधुनिक इमेजिंग

लिवर कैंसर का बिना चीर-फाड़ (ऑपरेशन) उपचार

स्तन कैंसर की शुरुआती जांच एवं निदान

हृदय की एमआरआई (Cardiac MRI)

पेट, हड्डियों एवं जोड़ों की इमेजिंग

बच्चों से जुड़े रोगों की उन्नत जांच तकनीक

चिकित्सा जगत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता दायरा

स्पेक्ट्रल सीटी, विकिरण सुरक्षा तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम से जुड़े कानूनी एवं व्यावहारिक पहलू

प्रतिष्ठित ‘पन्नालाल ओरेशन’ और युवा प्रतिभाओं का मंच

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. अनित परिहार द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला प्रतिष्ठित ‘पन्नालाल ओरेशन’ रहेगा। इसके साथ ही देश भर से आए रेजिडेंट डॉक्टरों द्वारा अपने शोध पत्र (Research Papers) और पोस्टर प्रस्तुत किए जाएंगे। युवाओं की प्रतिभा को परखने के लिए रोमांचक रेडियोलॉजी क्विज और विभिन्न पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किए जाएंगे।

आयोजकों का मानना है कि यह सम्मेलन रेडियोलॉजी और इमेजिंग के क्षेत्र में आ रहे क्रांतिकारी बदलावों, नई तकनीकों और निदान की आधुनिक विधियों से चिकित्सकों और शोधार्थियों को रूबरू कराने का एक अभूतपूर्व मंच साबित होगा।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button