पूर्वांचल

देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे से लागू होगा डायवर्जन

वाराणसी 22नवंबर :कार्तिक पूर्णिमा स्नान और देव दीपावली के पावन पर्व पर 24 नवंबर 2026 को काशी के घाटों पर उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भीड़ तथा वीआईपी आवागमन को देखते हुए कमिश्नरेट वाराणसी की यातायात पुलिस ने व्यापक डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 24 नवंबर को दोपहर 01:00 बजे से प्रभावी होगी।

भारी वाहनों व बसों पर प्रतिबंध, रिंग रोड व एनएच-19 से चलेंगी गाड़ियां

  • शहर में प्रवेश बंद: दोपहर 1 बजे से सभी मालवाहक वाहनों, रोडवेज/प्राइवेट बसों तथा टेम्पो ट्रैवलर/अर्बेनिया का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इनका संचालन रिंग रोड और एनएच-19 के रास्ते किया जाएगा।

  • अस्थायी बस स्टेशन: काशी डिपो और कैंट बस स्टेशन की बसें दोपहर 1 बजे से संदहा व हरहुआ में बने अस्थायी बस स्टेशनों से संचालित होंगी।

  • रूट व्यवस्था: जौनपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर की बसें रिंग रोड (हरहुआ, बावनबीघा, संदहा अंडरपास) तथा चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर व भदोही की बसें ठिकाना ढाबा, मोहनसराय व परमपुर/सजोई अंडरपास होकर चलेंगी।

  • आंतरिक आवागमन: बसों से उतरने वाले यात्रियों के लिए निर्धारित रूटों पर ऑटो, ई-रिक्शा और सिटी बसें चलेंगी। संदहा से रिंग रोड व हरहुआ होते हुए सिटी बसों का संचालन किया जाएगा।

गंगा पुलों व प्रमुख मार्गों की व्यवस्था

  • राजघाट पुल: नमो घाट से पड़ाव के बीच राजघाट गंगापुल पर पैदल और वाहन दोनों का संचालन बंद रहेगा।

  • सामने घाट पुल: लंका से रामनगर के बीच इस पुल पर केवल दोपहिया वाहन और पैदल यात्रियों को जाने की अनुमति होगी।

  • रिंग रोड व विश्वसुन्दरी पुल: रिंग रोड गंगापुल और एनएच-19 स्थित विश्वसुन्दरी पुल पर चंदौली-वाराणसी के बीच सामान्य रूप से वाहनों का संचालन जारी रहेगा।

  • प्रमुख डायवर्जन: चौकाघाट से नमो घाट (जीटी रोड) की ओर चारपहिया वाहनों पर आवश्यकतानुसार रोक रहेगी। पासधारक वाहन हरहुआ, गिलट बाजार, अवधी बाजार, पुलिस लाइन चौराहा या लहरतारा-कैंट ओवरब्रिज होकर नमो घाट पार्किंग जा सकेंगे। रामनगर क्षेत्र में पड़ाव से रामनगर चौराहा होते हुए टेंगरा मोड़ तक नो-व्हीकल जोन रहेगा।

57 स्थानों पर पार्किंग और 5 होल्डिंग एरिया

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए भैंसासुर, मैदागिन, दशाश्वमेध, अस्सी-सामने घाट, वरुणा-काशी-गोमती जोन और रामनगर क्षेत्र में कुल 57 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इसके अलावा रामनगर (दुर्गामंदिर, लंका मैदान), काशी जोन (सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, बीएचयू कैंपस) और वरुणा जोन (यूपी कॉलेज) में 5 होल्डिंग एरिया तय किए गए हैं।

3 ग्रीन कॉरिडोर और 10 पैदल संचालन जोन

आपातकालीन सेवाओं के लिए 3 ग्रीन कॉरिडोर (नमो घाट/राजघाट से अस्पतालों व बीएचयू तक, दशाश्वमेध से अस्सी व बीएचयू तक तथा रामनगर क्षेत्र) बनाए गए हैं। वहीं भीड़ प्रबंधन के लिए मैदागिन-गोदौलिया, लक्सा-रामापुरा, अस्सी-रविदास घाट-नगवा, लहुराबीर-मैदागिन और पड़ाव-रामनगर सहित 10 क्षेत्रों को पैदल संचालन जोन घोषित किया गया है।यातायात पुलिस की अपील: यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, अतिरिक्त समय लेकर निकलें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही प्रतिबंधित/भीड़भाड़ वाले मार्गों की ओर जाएं। किसी भी तरह की यातायात जानकारी या सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम (+91 7839856994) और हेल्पलाइन नंबर (+91 7317202020) पर संपर्क किया जा सकता है।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button