पूर्वांचल

गोपाष्टमी पर श्रीमणि मंदिर में गूंजे वेद मंत्र, रेशमी वस्त्र व स्वर्ण-रजत आभूषणों से हुआ गौ माता का भव्य श्रृंगार

स्वामी करपात्री आदर्श गौशाला में वैदिक विधि-विधान से मना गोपाष्टमी महोत्सव, दक्षिण भारत से भी पहुंचे श्रद्धालु

गिर, साहीवाल व गंगातीरी प्रजाति की गायों को पंचामृत स्नान कराकर लगाया गया फल, गुड़ व हरी सब्जियों का भोग

वाराणसी17नवंबर :धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज की तपोस्थली दुर्गाकुण्ड स्थित श्रीमणि मंदिर (श्रीधर्मसंघ शिक्षा मण्डल) में मंगलवार को गोपाष्टमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और वैदिक विधि-विधान के साथ मनाया गया। मंदिर प्रांगण स्थित ‘स्वामी करपात्री आदर्श गौशाला’ में प्रातः 9 बजे से ही गौभक्तों का तांता लगा रहा। धर्मसंघ पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी जी महाराज के पावन सानिध्य में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गौ माता का पूजन-अर्चन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ षोडशोपचार पूजन

आचार्य रामानंद पाण्डेय के आचार्यत्व में वैदिक आचार्यों एवं सौ से अधिक बटुकों द्वारा शुक्ल यजुर्वेद के मंत्रोच्चार के बीच राजषोपचार (षोडशोपचार) विधि से पूजन संपन्न कराया गया। अनुष्ठान के प्रारंभ में गौरी-गणेश एवं आदित्य सूर्य का पूजन हुआ, जिसके उपरांत भगवान विष्णु की आराधना कर विधिवत गौपूजन किया गया। पूजन में राजमंगल पाण्डेय ने मुख्य यजमान की भूमिका निभाई। इस दौरान दक्षिण भारत से बड़ी संख्या में काशी आए श्रद्धालुओं ने भी सविधि गौ पूजन में भाग लिया।

रेशमी वस्त्रों व आभूषणों से सजीं देशी गायें

महोत्सव के अवसर पर गौशाला में निवासित सैकड़ों शुद्ध देशी, गिर, साहीवाल और गंगातीरी प्रजाति की गायों को प्रातःकाल पंचगव्य व पंचामृत से स्नान कराया गया। इसके पश्चात गायों को रंग-बिरंगे रेशमी वस्त्र, मुकुट और स्वर्ण-रजत आभूषणों से भव्य रूप से सजाया गया। पूजन के उपरांत गौ माता को गुड़, मौसमी फल तथा हरे चारे के रूप में साग, मूली, खीरा, लौकी, सेम और गाजर का भोग अर्पित किया गया। अंत में भक्तों ने भव्य आरती उतारकर गौ माता की प्रदक्षिणा की।

कलिकाल में गौ सेवा ही सर्वसुख का माध्यम : पं. जगजीतन पाण्डेय

इस अवसर पर धर्मसंघ के महामंत्री पं. जगजीतन पाण्डेय ने गौ सेवा का महात्म्य बताते हुए कहा कि सनातन धर्म में जो स्थान मां गंगा और गायत्री का है, वही स्थान गौ माता का भी है। कलिकाल में गौ सेवा ही समस्त पापों का शमन कर सर्वसुख प्रदान करती है। उन्होंने स्मरण कराया कि धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज ने अपना संपूर्ण जीवन गौ संवर्धन को समर्पित कर दिया था और गौहत्या बंदी के लिए उनके द्वारा छेड़ा गया आंदोलन देशभर में जन-जन की आवाज बना।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

गौपूजन कार्यक्रम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक पं. श्रीकान्त मिश्रा, प्रो. एसपी पाण्डेय, प्रो. शरद धर शर्मा, प्रो. पी.एस. ब्यादगी, प्रताप बहादुर सिंह, विकास शर्मा, सोनू द्विवेदी, राकेश पाण्डेय, अनुराग शर्मा, प्रिंस द्विवेदी, सुषमा शुक्ला एवं विकास शुक्ला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व भक्तगण उपस्थित रहे।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button