एक झलक

बड़ा खुलासा: महाराजगंज में बिजली विभाग के आधिकारिक X हैंडल ने ही खोल दी अधिकारियों की पोल?

कागजों पर सुरक्षा किट, जमीन पर जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर लाइनमैन!

सोशल मीडिया पर शेयर तस्वीरों में दस्ताने और सेफ्टी बेल्ट नदारद!

बिना सुरक्षा उपकरण ट्रांसफार्मर पर चढ़ रहे कर्मचारी!

मुख्यमंत्री के गृह मंडल में ही ऊर्जा विभाग बेपरवाह; क्या मंत्री ए.के. शर्मा और चेयरमैन आशीष गोयल लेंगे संज्ञान?

महाराजगंज 28 जुलाई :उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड जहां एक ओर आए दिन लाइनमैनों की सुरक्षा को लेकर अभियानों और दिशा-निर्देशों का ढिंढोरा पीटता है, वहीं जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट और खौफनाक नजर आ रही है। ताजा मामला महाराजगंज जिले का है, जहां खुद अधीक्षण अभियंता कार्यालय के आधिकारिक ट्विटर (X) हैंडल से पोस्ट की गई तस्वीरों ने विभाग के दोहरे रवैये और गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है।

जागरूकता के ढोंग के बीच खौफनाक हकीकत

विभाग के सोशल मीडिया अकाउंट्स से एक तरफ तो यह संदेश दिया जा रहा है कि लाइनमैनों को कार्य के दौरान सुरक्षा किट पहनना अनिवार्य है, लेकिन दूसरी तरफ उसी हैंडल से जारी की गई तस्वीरों में कर्मचारियों की जिंदगी से खिलवाड़ साफ दिखाई दे रहा है।

तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कई जगह बिजली लाइनों और एलटी/एचटी ट्रांसफार्मरों पर काम कर रहे कर्मचारियों के पास न तो इंसुलेटेड ग्लव्स (दस्ताने) हैं और न ही सेफ्टी बेल्ट।

कुछ स्थानों पर कर्मचारी केवल जैकेट या हेलमेट पहने दिख रहे हैं, जबकि कई संवेदनशील जगहों पर तो बिना हेलमेट और बिना ग्लव्स के ही कर्मचारी जान जोखिम में डालकर पोल पर चढ़े हुए हैं।

मुख्यमंत्री के गृह मंडल में कौन फेर रहा मंशा पर पानी?

गोरखपुर-महाराजगंज मंडल खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह क्षेत्र है, जहां प्रशासनिक और विभागीय पारदर्शिता को लेकर सख्त निर्देश हैं। इसके बावजूद महाराजगंज में अधीक्षण अभियंता और अधीनस्थ अधिकारियों की इस आंख-मिचौली ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं:

क्या सुरक्षा उपकरणों की खरीदारी कागजों तक सीमित है?

यदि बजट जारी होता है, तो कर्मचारियों तक ग्लव्स, बेल्ट और सेफ्टी शूज़ क्यों नहीं पहुंच रहे?

अधिकारियों को मुख्यमंत्री के निर्देशों की परवाह क्यों नहीं?

क्या विभागीय अफसर किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?

खुद के हैंडल से ट्वीट करते वक्त भी अधिकारियों ने नियम-कायदों की अनदेखी कैसे कर दी?

ऊर्जा मंत्री और पावर कॉर्पोरेशन अध्यक्ष से सख्त कार्रवाई की उम्मीद

लाइनमैन बिजली विभाग की रीढ़ होते हैं, जो भीषण गर्मी और बारिश में भी जनता को निर्बाध आपूर्ति देने के लिए अपनी जान दांव पर लगाते हैं। ऐसे में महाराजगंज जिले से आई ये तस्वीरें सीधे तौर पर अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाती हैं।

अब देखना यह होगा कि ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा और पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष आशीष गोयल इस लापरवाही पर क्या कड़ा एक्शन लेते हैं।

क्या जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी या फिर यह मामला भी विभागीय लीपापोती की भेंट चढ़ जाएगा?

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button