मुंबई में दाऊद की पुश्तैनी संपत्ति पर BMC का बड़ा एक्शन; ‘मुसाफिरखाना’ इमारत ध्वस्त

भिंडी बाजार इलाके में कार्रवाई, सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात
AIMIM नेता वारिस पठान ने कहा— नोटिस के खिलाफ अदालत से रोक लगाने की मांग की गई
मुंबई19नवंबर :बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने गुरुवार को दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की पुश्तैनी संपत्ति से जुड़ी जर्जर ‘मुसाफिरखाना’ इमारत को गिराने का काम शुरू कर दिया। ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या विरोध प्रदर्शन से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इंजीनियरिंग टीम और अधिकारी मौके पर मौजूद
कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए दक्षिण जोन-1 के पुलिस उपायुक्त (DCP) मनीष कलवानिया ने बताया कि बीएमसी की इंजीनियरिंग टीम और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और इमारत को गिराने की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है।
पहले जारी किया गया था नोटिस, कोर्ट में दी गई है चुनौती
अधिकारियों के अनुसार, इमारत की जर्जर हालत को देखते हुए बीएमसी ने इसे खाली करने और गिराने के लिए पहले ही नोटिस जारी कर एक समय-सीमा तय की थी। इसी इमारत परिसर के भीतर एक मस्जिद भी स्थित है। दूसरी ओर, इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए एआईएमआईएम (AIMIM) नेता वारिस पठान ने बताया कि बीएमसी के इस नोटिस के खिलाफ अदालत में याचिका दायर कर ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने की मांग की गई है। स्थानीय पक्ष के वकील इस मामले में कानूनी राहत पाने का प्रयास कर रहे हैं।






