सरदार पटेल जयंती पर लोहता से चांदपुर तक निकली भव्य शोभा यात्रा, ‘जय जय सरदार’ के नारों से गूंजा क्षेत्र

लोहता/वाराणसी30अक्टूबर: लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार को सामाजिक एकता मंच के बैनर तले एक विशाल शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। काशी विद्यापीठ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवेश पटेल के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में मौसम के रुख और रिमझिम बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कोरौता रामलीला मैदान से शुरू हुआ बाइक और कारों का विशाल काफिला वाराणसी-भदोही मार्ग से होते हुए चांदपुर तक गया और अंत में काशी विद्यापीठ ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंचकर संपन्न हुआ। बारिश की फुहारों के बीच भी हजारों की संख्या में मौजूद लोग ‘जय जय सरदार’ के गगनभेदी नारे लगाते रहे। शोभा यात्रा में आकर्षण का मुख्य केंद्र भाजपा पिछड़ा मोर्चा के महामंत्री भानु शंकर पटेल रहे, जो डीजे पर बैठकर माइक के माध्यम से सरदार पटेल के विचारों और संदेशों को जन-जन तक पहुंचा रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विचार गोष्ठी में नेताओं ने सरदार पटेल को नमन करते हुए अपने विचार व्यक्त किए:
प्रवेश पटेल (ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि): “सरदार पटेल के विचारों में ही भारत की अखंडता और एकता का असली मंत्र छिपा है।”
भानु शंकर पटेल (महामंत्री, भाजपा पिछड़ा मोर्चा): “आजादी के बाद 562 रियासतों का विलय कर अखंड भारत का निर्माण करना लौह पुरुष की ही अद्भुत दूरदर्शिता का परिणाम था।”
सर्वेश पटेल: “सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन सादगी, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का अनुपम प्रतीक है।”
जंग बहादुर पटेल: “उनकी जयंती केवल एक तिथि नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए राष्ट्रीय एकता का महान पर्व है।”
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए लोहता थानाध्यक्ष अभिजीत सिंह पर्याप्त पुलिस बल के साथ पूरी यात्रा के दौरान मुस्तैद रहे।
इस अवसर पर आनंद पटेल, कोरौता प्रधान दिनेश पटेल, छितौनी प्रधान विजय जायसवाल, प्रमोद पटेल, मनोज पटेल, चंदन पटेल, जर्मन पटेल, विजय राज यादव, धर्मेंद्र मौर्या, गणेश पाल, किशन विश्वकर्मा, महमूदपुर प्रधानपति इम्तियाज हाशमी सहित हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






