कैथी में 22 नवंबर को मनेगा मारकण्डेय महादेव का 84वां वार्षिक श्रृंगार महोत्सव

महामंडलेश्वर भवानीनन्दन यति जी महाराज होंगे मुख्य अतिथि, रातभर होगा जागरण व सांस्कृतिक कार्यक्रम
चौबेपुर/वाराणसी21नवंबर:कैथी स्थित श्री भूतभावन श्री मारकण्डेय महादेव मंदिर का 84वां वार्षिक श्रृंगार महोत्सव रविवार, 22 नवंबर को कार्तिक शुक्ल पक्ष त्रयोदशी के पावन अवसर पर धूमधाम से मनाया जाएगा। इस धार्मिक महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोरों पर हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर भवानीनन्दन यति जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम के तहत सायं 8:00 बजे से 9:00 बजे तक बाह्य आरती और रात्रि 11:00 बजे से 12:00 बजे तक शयन आरती संपन्न होगी। इसके अलावा रात 8:00 बजे से भव्य रात्रि जागरण एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर परिसर पहुंचकर इस धार्मिक महोत्सव में शामिल होने और पुण्य के भागी बनने की अपील की है।






