काशी की बेटी श्रेया सिंह ने रचा इतिहास: उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा में हासिल की 5वीं रैंक

वाराणसी 16नवंबर : काशी की होनहार बेटी सुश्री श्रेया सिंह ने अपनी मेहनत और मेधा के दम पर एक बार फिर वाराणसी का मान पूरे देश में रोशन कर दिया है। श्रेया ने उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा (PCS-J) में अपने पहले ही प्रयास में पूरे प्रदेश में 5वीं रैंक हासिल कर यह शानदार सफलता अर्जित की है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र और पूरे काशी में जश्न का माहौल है।
शिक्षा का सफर: स्कूल से लेकर बीएचयू तक
श्रेया ने अपनी प्रारंभिक और इंटरमीडिएट तक की शिक्षा वाराणसी के अस्सी स्थित इंपीरियल पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से 5 वर्षीय बीए-एलएलबी (BA LLB) की डिग्री हासिल की। कानून के क्षेत्र में अपनी समझ को और व्यापक बनाने के लिए उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से एलएलएम (LLM) किया। वर्तमान में वे बीएचयू के विधि संकाय (Law Faculty) से पीएचडी (PhD) कर रही हैं और साथ ही वहां टीचिंग असिस्टेंट (TA) के रूप में अपनी सेवाएं भी दे रही हैं।
पहले ही प्रयास में मिली शानदार सफलता
श्रेया की यह कामयाबी इसलिए भी विशेष है क्योंकि उन्होंने उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में यह मुकाम हासिल किया है। इससे पहले भी वे अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा और वर्ष 2023 में राजस्थान न्यायिक सेवा की परीक्षाओं में भी अपने पहले ही प्रयास में साक्षात्कार (इंटरव्यू) तक का सफर तय किया था।
तैयारी की रणनीति और सफलता का मंत्र
अपनी तैयारी के बारे में बात करते हुए श्रेया बताती हैं कि उन्होंने अंग्रेजी माध्यम से परीक्षा की तैयारी की और इसके लिए प्रयागराज स्थित एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान से मार्गदर्शन प्राप्त किया। उनके अनुसार, उनकी सफलता का सबसे बड़ा मंत्र एक व्यावहारिक समय-सारणी (टाइम-टेबल) बनाकर उसका पूरी निरंतरता और अनुशासन के साथ पालन करना रहा।
इन्होंने दिया सफलता का श्रेय
श्रेया अपनी इस कामयाबी का पूरा श्रेय अपने आध्यात्मिक गुरु और ‘राम चंद्र मिशन / हार्टफुलनेस’ संस्था के अध्यक्ष व ग्लोबल गाइड कमलेश देसाई पटेल (‘दाजी’) के आशीर्वाद को देती हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपने बड़े पापा (रिटायर्ड आईएएस अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह) की प्रेरणा, माता-पिता के अटूट सहयोग और बीएचयू में अपने पीएचडी सुपरवाइजर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनिल मौर्या के मार्गदर्शन को अपनी सफलता का मुख्य आधार बताया है।
सुसंस्कृत पारिवारिक पृष्ठभूमि
मूल रूप से वाराणसी के बड़ी पटिया, बजरडीहा की रहने वाली श्रेया एक प्रतिष्ठित और शिक्षित परिवार से ताल्लुक रखती हैं:
पिता: डॉ. रवींद्र प्रताप सिंह (रिटायर्ड आयुर्वेद चिकित्साधिकारी)
माता: माया सिंह (जोनल एवं केंद्र संयोजक, राम चंद्र मिशन, वाराणसी)
भाई: उनके बड़े भाई शशांक सिंह (बी.टेक) टाटा ग्रुप में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि दूसरे भाई मयंक सिंह (एमबीए) लखनऊ स्थित एलपीसीपीएस (LPCPS) में विभागाध्यक्ष (HOD) के रूप में कार्यरत हैं।
युवाओं के लिए संदेश
न्यायिक सेवा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए श्रेया कहती हैं, “सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपनी एक व्यावहारिक समय-सारणी बनाएं और बिना विचलित हुए निरंतर प्रयास करते रहें, सफलता निश्चित रूप से मिलती है।”






