557वें प्रकाश पर्व पर काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब, पंच प्यारों की अगुवाई में निकली भव्य शोभायात्रा

फूलों और झालरों से सजी गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी बनी आकर्षण का केंद्र
यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने किया स्वागत, बंटा प्रसाद
वाराणसी 15नवंबर :सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में आस्था व श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के तत्वावधान में गुरुबाग स्थित गुरुद्वारे से पंच प्यारों की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान ‘जो बोले सो निहाल’ के जयकारों और गुरुवाणी के शबद कीर्तन से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में पंच प्यारे आगे-आगे चल रहे थे। फूलों और आकर्षक बिजली की झालरों से सजी गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण रही। यात्रा में घुड़सवार दल, कीर्तन मंडलियां और बड़ी संख्या में सिख संगत शामिल हुई।
लक्सा से रथयात्रा तक जगह-जगह हुआ स्वागत
शोभायात्रा गुरुद्वारा गुरुबाग से शुरू होकर लक्सा, गिरजाघर चौराहा, नई सड़क, चेतगंज, लहुराबीर, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, शास्त्री नगर, अशोक नगर, गांधी नगर और सिगरा चौराहा होते हुए रथयात्रा पहुंची। इसके बाद वापस गुरुद्वारा गुरुबाग पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में हथुआ मार्केट, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, साजन तिराहा, अशोक नगर और गांधी नगर समेत कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया और संगत के लिए प्रसाद वितरण किया।
स्कूली बच्चों के बैंड ने बांधा समां, दिया स्वच्छता का संदेश
शोभायात्रा में गुरुनानक खालसा बालिका इंटर कॉलेज (गुरुबाग), गुरुनानक इंग्लिश मीडियम स्कूल (गुरुबाग) और गुरुनानक इंग्लिश स्कूल (शिवपुर) के विद्यार्थियों, शिक्षकों व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के बैंड की मधुर धुनों और शबद गायन ने समां बांध दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में ‘स्वच्छ काशी-सुंदर काशी’ के बैनर लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।
सेवा और सफाई की दिखी अनूठी मिसाल
धार्मिक आस्था के साथ शोभायात्रा में सेवा और स्वच्छता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। काशी की साध-संगत पालकी साहिब के आगे-आगे यात्रा मार्ग की साफ-सफाई और धुलाई करती नजर आई। वहीं, सिख परिवारों की महिलाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे मार्ग में श्रद्धापूर्वक गुरुवाणी का कीर्तन करते हुए साथ चले। आयोजन ने काशी को भक्ति, सेवा और आपसी भाईचारे के रंग में रंग दिया।






