पूर्वांचल

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के सूर्य सरोवर पर धूमधाम से संपन्न हुआ महापर्व छठ; उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

वाराणसी 15नवंबर :लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित ऐतिहासिक सूर्य सरोवर परिसर में आस्था और उल्लास का अदभुत नजारा देखने को मिला। यहाँ हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और अपने परिवार व समाज के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने किया विधिवत पूजन

कार्यक्रम के दौरान बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सूर्य सरोवर पहुंचकर विधिवत पूजन-अर्चन किया। उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर संपूर्ण जनमानस के कल्याण, आरोग्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।

सात घोड़ों पर सवार सूर्यदेव की भव्य प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र

इस वर्ष के आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता सूर्य देव की सात अश्वों (घोड़ों) से युक्त रथ पर विराजमान एक अत्यंत भव्य और मनोहारी प्रतिमा रही। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और आकर्षक प्रकाश-सज्जा से सजे सूर्य सरोवर परिसर की छटा देखते ही बन रही थी, जिसने सभी का मन मोह लिया।

भजन संध्या और सुंदरकांड पाठ से गूँजा परिसर

छठ महापर्व के इस उल्लासपूर्ण माहौल में पूरा बरेका परिसर भक्तिमय नजर आया। पारंपरिक वेशभूषा में पहुँची महिलाओं द्वारा गाए गए छठी मईया के लोकगीतों ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। इसके अलावा, विशेष भजन संध्या के साथ-साथ हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ ने पूरे परिसर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। छठी मईया के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूँज उठा।

बरेका के शीर्ष अधिकारियों और गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति

इस पावन पर्व पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) व छठ समिति के संरक्षक राम जन्म चौबे समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी परिषद के सदस्य श्रीकांत यादव, नवीन कुमार सिन्हा, मनीष कुमार सिंह व संतोष कुमार यादव उपस्थित रहे।

सुरक्षा और व्यवस्था के रहे पुख्ता इंतजाम

जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने जानकारी दी कि कार्यक्रम को सुरक्षित और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, एनडीआरएफ (NDRF), आरपीएफ (RPF), नागरिक सुरक्षा दल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड और स्काउट-गाइड के सदस्यों ने सराहनीय सहयोग दिया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन राकेश पाण्डेय और श्रीमती दीपा मिश्रा ने किया।

छठ समिति के संस्थापक सी.के. ओझा, अध्यक्ष अनूप सिंह वत्स, कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश सिंह, महामंत्री अजय आर, कोषाध्यक्ष गणेश कुमार व नीलेश कुमार सहित समिति के सभी सदस्यों के सक्रिय प्रयासों से यह भव्य आयोजन सफलता के साथ संपन्न हुआ।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button