बदलेगी शहरों की तस्वीर: यूपी के 4.16 लाख घरों को मिलेगा सीवर कनेक्शन, 827 किमी लाइन बिछी

अमृत 2.0 मिशन के तहत शहरी बुनियादी ढांचे को मिल रही रफ्तार
201 एमएलडी क्षमता के 8 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण जारी
नदियों और जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए गंदे पानी का होगा वैज्ञानिक शोधन
लखनऊ 23नवंबर :प्रदेश के शहरों में स्वच्छता और जल प्रबंधन को आधुनिक बनाने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम बढ़ाया है। अमृत 2.0 मिशन के तहत शहरी क्षेत्रों की सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए राज्य के 4.16 लाख घरों को सीधे सीवर कनेक्शन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रस्तावित 1,751.52 किलोमीटर लंबे सीवर नेटवर्क में से अब तक 827.41 किलोमीटर लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है।
वैज्ञानिक शोधन पर सरकार का फोकस
शहरी आबादी को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ सरकार का मुख्य जोर पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने पर है। इसके तहत केवल सीवर लाइन ही नहीं बिछाई जा रही, बल्कि गंदे पानी के वैज्ञानिक शोधन की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रदेश में 201 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) क्षमता के 8 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसके अलावा, स्वच्छ पेयजल और बेहतर जल प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए 326.25 एमएलडी क्षमता के 16 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी बनाए जा रहे हैं।
नदियों में नहीं गिरेगा बिना शोधित पानी
अधिकारियों के मुताबिक, इन परियोजनाओं के पूरा होने से नदियों, तालाबों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों में सीधे गंदा पानी गिरने की समस्या पर प्रभावी रोक लगेगी। घरों से निकलने वाले अपशिष्ट जल का निर्धारित मानकों के अनुसार शोधन होने से शहरों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार होगा, जो ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को मजबूती देगा।
एक नजर में परियोजना की प्रगति
कुल सीवर कनेक्शन का लक्ष्य: 4.16 लाख घर
प्रस्तावित सीवर नेटवर्क: 1,751.52 किलोमीटर
अब तक निर्मित नेटवर्क: 827.41 किलोमीटर
निर्माणाधीन एसटीपी (STP): 8 प्लांट (कुल क्षमता 201 एमएलडी)
निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट: 16 प्लांट (कुल क्षमता 326.25 एमएलडी)






