महोबा में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर बड़ा एक्शन: खनन निदेशक की छापेमारी से स्टोन क्रेशर संचालकों में मचा हड़कंप

लखनऊ/महोबा 16नवंबर :मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद उत्तर प्रदेश के खनन विभाग में हड़कंप मच गया है। अवैध खनन, ओवरलोडिंग और जमाखोरी पर लगाम कसने के लिए मुख्यमंत्री के आदेश पर जिलों के दौरे पर निकले खनन निदेशक उज्ज्वल कुमार ने महोबा में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। इस दौरान एशिया की सबसे बड़ी पत्थर मंडी कबरई में भारी अनियमितताएं पकड़ी गईं, जिसके बाद महोबा के खनन अधिकारी पर गाज गिरनी तय मानी जा रही है।
कबरई स्टोन क्रेशर पर छापेमारी, स्वीकृत मानक से अधिक भंडारण पकड़ा गया
मुख्यमंत्री के विशेष निर्देशों के अनुपालन में आईएएस एवं निदेशक खनन उज्ज्वल कुमार अपनी कई टीमों के साथ अचानक महोबा की खदानों और स्टोन क्रेशर यूनिटों पर जा पहुंचे। जांच के दौरान एशिया की मशहूर पत्थर मंडी कबरई बाजार में कई स्टोन क्रेशर पर स्वीकृत मानक से काफी अधिक मात्रा में पत्थर का भंडारण पाया गया। एनजीटी (NGT) की गाइडलाइंस और तय मानकों को आधार बनाकर विभाग द्वारा वृहद परीक्षण किया जा रहा है।
अचानक हुई इस औचक कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के खनन माफियाओं और क्रेशर संचालकों में अफरा-तफरी मच गई। जांच में महोबा के खनन अधिकारी राकेश बहादुर सिंह की गंभीर पर्यवेक्षणीय विफलता और अवैध कारोबारियों के साथ साठगाँठ उजागर हुई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, खनन अधिकारी के निलंबन की संस्तुति कर दी गई है और उनके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई तय है।
कानपुर रोड पर पकड़े गए ओवरलोड डंपर और बिना रॉयल्टी के वाहन
छापेमारी के दौरान निदेशक उज्ज्वल कुमार ने स्वयं कानपुर रोड पर मोर्चा संभाला। इस दौरान ओवरलोडिंग कर मौरंग (बालू) ले जा रहे कई डंपरों और बिना सरकारी रॉयल्टी जमा किए धड़ल्ले से दौड़ रहे ओवरलोड ट्रकों को मौके पर ही पकड़ कर जब्त कर लिया गया।
निदेशक के साथ तीन दर्जन से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम पिछले दो दिनों से लगातार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही है। देर रात तक चले इस सघन अभियान के बाद अब महोबा के कई स्टोन क्रशरों पर भारी-भरकम जुर्माना लगाए जाने की तैयारी है।
सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति: कानपुर, हमीरपुर और महोबा में टास्क फोर्स सक्रिय
राज्य सरकार अवैध खनन और ओवरलोडिंग को लेकर पूरी तरह सख्त रुख अपनाए हुए है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कर दिया है कि महकमे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महोबा के अलावा कानपुर और हमीरपुर जिलों में भी विशेष टास्क फोर्स का गठन कर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन के इस आक्रामक रुख से साफ है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग में लिप्त अधिकारियों और कारोबारियों पर आने वाले दिनों में और भी बड़े एक्शन देखने को मिलेंगे।





