एक झलक

7 दिन में दवाओं की खरीद-बिक्री कीमत सार्वजनिक न की तो निरस्त होगा लाइसेंस

हॉस्पिटल फार्मेसियों पर एफएसडीए की सख्ती: 64 जिलों की 381 फार्मेसियों की जांच में अधिकांश के पास नहीं मिली वेबसाइट

1 अक्टूबर के आदेश की अनदेखी पर थमाया नोटिस, समय-सीमा बीतने पर बिक्री पर लगेगी रोक

लखनऊ 26 नवंबर: अस्पतालों में भर्ती मरीजों को दवाओं की खरीद में पारदर्शिता दिलाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने सख्त रुख अपना लिया है। प्रदेश के 64 जनपदों की 381 हॉस्पिटल फार्मेसियों के औचक निरीक्षण में अधिकांश जगहों पर आयुक्त के 1 अक्टूबर 2026 के आदेश का उल्लंघन पाया गया। निरीक्षण में किसी भी फार्मेसी के काउंटर पर अनिवार्य वेबसाइट का यूआरएल प्रदर्शित नहीं मिला, जिस पर औषधि निरीक्षकों ने मौके पर ही सख्त नोटिस थमाया है।

नोटिस के अनुसार, संचालकों को 7 दिन के भीतर निर्धारित प्रारूप में दस्तावेज और दवाओं की खरीद (पीटीआर) व बिक्री (पीटीसी) कीमत की जानकारी देनी होगी। तय समय में अनुपालन न होने पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 22(1)(डी) के तहत दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के साथ ही लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

मुनाफे पर नियंत्रण नहीं, स्व-प्रकटीकरण है उद्देश्य

एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर यह विशेष अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इसका उद्देश्य दवाओं की कीमत या मुनाफे पर नियंत्रण लगाना नहीं है, बल्कि सेल्फ-डिस्क्लोजर (स्व-प्रकटीकरण) के जरिए मरीजों को वास्तविक कीमत की जानकारी देना है, ताकि वे सोच-समझकर निर्णय ले सकें। पूर्व की जांच में यह सामने आया था कि कई दवाएं एमआरपी से काफी कम कीमत पर खरीदी जाती हैं, लेकिन भारी अंतर के बावजूद मरीजों को इसका लाभ नहीं मिलता।

वेबसाइट पर देनी होंगी यह अनिवार्य जानकारियां

1 अक्टूबर के आदेश और ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर-2013 के तहत अस्पताल परिसर की फार्मेसियों को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट बनाकर काउंटर पर इसका यूआरएल और क्यूआर कोड प्रदर्शित करना अनिवार्य है। वेबसाइट पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस संख्या, पता, फार्मासिस्ट का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर, फोटो, साप्ताहिक स्टॉक और दवाओं के खरीद-बिक्री मूल्य का नियमित अपडेट देना जरूरी है।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button