आर्थिकी व आस्था के अद्भुत समन्वय का बेहतरीन प्रयास है बनारस बिनाले : मुख्यमंत्री

बीएचयू में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का हुआ औपचारिक शुभारंभ, पुस्तिका का भी विमोचन
सीएम ने कहा- नीयत साफ और नीति स्पष्ट हो तो नियंता की कृपा भी बरसती है
वाराणसी, 28 नवंबर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में आयोजित समारोह में ‘सीआईआई बनारस बिनाले-2026’ का औपचारिक शुभारंभ किया और इस अवसर पर एक पुस्तिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बनारस बिनाले आर्थिकी और आस्था के बीच अद्भुत समन्वय का एक बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने विश्वास जताया कि काशी की तरह ही बनारस बिनाले भी अपनी जीवंतता का प्रमाण बनेगा। डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ और नीति स्पष्ट होती है, तो नियंता की कृपा भी बरसती है।
बीमारू राज्य से देश का ग्रोथ इंजन बना उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे के पूरक हैं। आस्था और आर्थिकी के रास्ते अलग हो सकते हैं, लेकिन दोनों की मंजिल एक ही है, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण महाकुम्भ है। उन्होंने कहा कि विकास और विरासत की इस यात्रा का ही परिणाम है कि कभी ‘बीमारू’ कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था का ‘ग्रोथ इंजन’ बन चुका है। वर्तमान में यूपी एक रेवेन्यू सरप्लस राज्य है और देश में सर्वाधिक दो लाख करोड़ रुपये का कैपिटल एक्सपेंडिचर (पूंजीगत व्यय) यहीं हो रहा है।
वेनिस और कोच्चि के बाद अब काशी में पहुंचा बिनाले
काशी की पौराणिकता, आध्यात्मिकता और साहित्यिक विरासत पर प्रकाश डालते हुए सीएम ने कहा कि अविनाशी काशी ज्ञान, संगीत और शास्त्रार्थ की भूमि रही है। महर्षि सुश्रुत की शल्य चिकित्सा, पाणिनी की रचनाओं से लेकर तुलसीदास, कबीर, मुंशी प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद और भारतेंदु हरिश्चंद्र ने इस भूमि को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि 1995 में वेनिस से शुरू हुआ और 2012 में भारत के कोच्चि में आयोजित हुआ यह बिनाले अब काशी पहुंचा है। सदियों से ज्ञान की राजधानी रही काशी अब आधुनिक कला और वैश्विक संवाद की प्रमुख राजधानी के रूप में भी अपनी पहचान बनाएगी।
आस्था के सम्मान से लोकल इकॉनमी को मिली गति
सीएम योगी ने कहा कि सरकार ‘ट्रेडिशनल नॉलेज’ के साथ ‘मॉडर्न टेक्नोलॉजी’ को जोड़कर आगे बढ़ रही है। काशी विश्वनाथ धाम, 84 घाटों का पुनरोद्धार, नमो घाट, क्रूज सुविधा और जल्द शुरू होने वाला देश का पहला अर्बन रोपवे काशी की कनेक्टिविटी और पर्यटन को नई ऊंचाई दे रहे हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि जब आस्था के केंद्रों का सम्मान होता है, तो सिर्फ मंदिर ही नहीं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलता है। बनारसी साड़ी और हस्तशिल्प को ‘ओडीओपी’ (एक जिला-एक उत्पाद) और ई-कॉमर्स के जरिए वैश्विक बाजार मिलने से लाखों बुनकरों, नाविकों, व्यापारियों और होटल व परिवहन क्षेत्र से जुड़े परिवारों को सीधा रोजगार मिल रहा है।
2017 के बाद लगे 35 हजार बड़े कारखाने, 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
प्रदेश में औद्योगिक निवेश के माहौल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग की पहली शर्त सुरक्षा होती है, जिसके लिए सरकार ने साढ़े नौ साल पहले अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। तुलनात्मक आंकड़े रखते हुए उन्होंने बताया कि आजादी के बाद से वर्ष 2017 तक प्रदेश में मात्र 14 हजार बड़े कारखाने लगे थे, जबकि 2017 से 2026 के बीच 35 हजार बड़े कारखाने स्थापित हुए हैं। 2017 से अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। आज डेटा सेंटर, ईवी, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और सेमीकंडक्टर जैसे सेक्टर यूपी को नई ऊंचाई दे रहे हैं, जिसके लिए हर साल दो लाख से अधिक स्टेम (STEM) ग्रेजुएट और आईटीआई युवाओं को तैयार किया जा रहा है।
इनकी रही उपस्थिति
समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक नीलकंठ तिवारी व अवधेश सिंह, बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, सीआईआई बनारस बिनाले के अध्यक्ष माधव सिंहानिया तथा डीजी चंद्रजीत बनर्जी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।






