ओदार में राजकिशोर सिंह व दीनानाथ यादव की स्मृति में किसान सम्मेलन, जबरन भूमि अधिग्रहण के खिलाफ संघर्ष का संकल्प

हक की लड़ाई तेज करने और संगठन को मजबूत बनाने पर वक्ताओं ने दिया जोर
दोनों दिवंगत नेताओं के संघर्षों को याद कर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
राजातालाब23नवंबर :आराजी लाइन विकासखंड के ओदार गांव में सोमवार को पूर्व विधायक कामरेड राजकिशोर सिंह और दीनानाथ यादव की स्मृति में एक दिवसीय किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया और वर्तमान सरकारी नीतियों पर निशाना साधते हुए किसान सभा को मजबूत करने, किसानों-मजदूरों के हक की लड़ाई तेज करने तथा जबरन भूमि अधिग्रहण के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का संकल्प लिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने दोनों दिवंगत नेताओं के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि दीनानाथ यादव ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, मजदूरों और गरीबों के अधिकारों के संघर्ष में समर्पित कर दिया। वर्ष 1991 में गंगापुर से विधायक चुने गए यादव ने किसान सभा के महामंत्री और माकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य के रूप में भी संगठन को मजबूती प्रदान की।
वहीं, कामरेड राजकिशोर सिंह के योगदान को याद करते हुए बताया गया कि वे स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका में रहे और 1942 के आंदोलन के दौरान अंग्रेजों ने उन्हें जेल भी भेजा था। आजादी के बाद वे कम्युनिस्ट आंदोलन से जुड़े और गंगापुर से दो बार विधायक चुने जाने के साथ-साथ विधानसभा में माकपा विधायक दल के नेता भी रहे।
कार्यक्रम को जिला सचिव अनिल कुमार सिंह, लालजी वर्मा, मोबीन अहमद, गौरी शंकर पटेल, लक्ष्मण प्रसाद वर्मा, शिव शंकर शास्त्री, दूधनाथ पटेल, मुरलीधर, विनय उपाध्याय और दूधनाथ राजभर सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। सम्मेलन की अध्यक्षता एवं संचालन जिला अध्यक्ष रामजी सिंह ने किया। अंत में उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दोनों नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।






