पूर्वांचल

दीपावली पर काशी को बड़ी सौगात: वाराणसी से दिल्ली के बीच देश की दूसरी ‘वंदे भारत स्लीपर’ रवाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बनारस स्टेशन से दिखाई हरी झंडी; local यात्रियों के लिए मेमू और प्रयागराज के लिए नई ट्रेन की शुरुआत

 वाराणसी 31अक्टूबर : दीपावली के शुभ अवसर पर धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी काशी को रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक भव्य समारोह में देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह आधुनिक स्लीपर ट्रेन वाराणसी को देश की राजधानी नई दिल्ली से जोड़ेगी।

इसके साथ ही स्थानीय यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाराणसी सिटी-राजातालाब के बीच चार जोड़ी मेमू (MEMU) ट्रेन और बनारस-प्रयागराज रामबाग के बीच एक नई रेल सेवा का भी शुभारंभ किया गया।

रात का सफर होगा तेज और आरामदायक

वाराणसी और नई दिल्ली के बीच शुरू हुई यह स्लीपर वंदे भारत ट्रेन लंबे समय से की जा रही क्षेत्रीय जनता की मांग को पूरा करेगी। इस सेवा से व्यापारी, विद्यार्थी, पर्यटक और प्रशासनिक कार्यों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों का समय बचेगा। यात्री रात में सफर कर सुबह दिल्ली पहुँचेंगे और दिनभर का काम निपटाकर उसी रात वापस वाराणसी लौट सकेंगे।

ट्रेन का समय और ठहराव:

  • वाराणसी से नई दिल्ली (ट्रेन सं. 27421): रात 20:50 बजे प्रस्थान अगले दिन सुबह 06:10 बजे आगमन। (संचालन: सोम, मंगल, बुध, गुरु, शनि, रवि)

  • नई दिल्ली से वाराणसी (ट्रेन सं. 27422): रात 21:40 बजे प्रस्थान अगले दिन सुबह 07:10 बजे आगमन। (संचालन: सोम, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र, रवि)

  • प्रमुख ठहराव: प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद।

160 किमी/घंटा की रफ्तार और अत्याधुनिक सुविधाएं

‘मेक इन इंडिया’ के तहत निर्मित 16 कोचों वाली यह पूरी तरह वातानुकूलित (AC) सेमी-हाईस्पीड ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से दौड़ेगी। ट्रेन में 1st AC, 2nd AC और 3rd AC श्रेणी में कुल 823 बर्थ उपलब्ध हैं।

  • सुरक्षा एवं संरक्षा: ट्रेन टक्कर रोधी प्रणाली (TCAS/कवच), सीसीटीवी कैमरे, धुआं और आग का पता लगाने वाले सेंसर तथा EN45545 HL3 अग्नि सुरक्षा मानक।

  • यात्री सुविधाएं: झटकेमुक्त सफर के लिए एयरोडायनामिक डिजाइन, ऑटोमैटिक स्लाइडिंग दरवाजे, फर्स्ट एसी में गर्म पानी के साथ शॉवर, वैक्यूम टॉयलेट, वाई-फाई और हर सीट पर यूएसबी व 3-पिन चार्जिंग प्वाइंट।

  • दिव्यांग अनुकूल: दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ और शौचालय का प्रावधान।

स्थानीय रेल नेटवर्क को भी मिली मजबूती

  1. वाराणसी सिटी – राजातालाब मेमू ट्रेन: महानगरों की तर्ज पर शुरू की गई इस 12-कोच वाली लोकल ट्रेन से दैनिक यात्रियों, कर्मचारियों और छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी। यह बनारस, भुलनपुर और हरदत्तपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इससे सड़कों पर जाम का दबाव कम होगा। इसके मासिक सीजन टिकट (SST) का किराया मात्र ₹95 तय किया गया है।

  2. बनारस – प्रयागराज रामबाग ट्रेन: संगम नगरी और काशी को जोड़ने वाली इस नई ट्रेन सेवा से हाईकोर्ट के काम से जाने वालों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को लाभ होगा। इसका यात्रा समय लगभग ढाई घंटे रहेगा तथा SST किराया ₹220 रखा गया है।

  3. मेमू ट्रेन का विस्तार: ट्रेन संख्या 65111/65112 बनारस-प्रयागराज रामबाग मेमू का विस्तार औंड़िहार तक कर दिया गया है, जिसका नियमित संचालन 1 नवंबर से शुरू होगा।

  4. “काशी में वर्ष भर श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन रहता है। दिल्ली के लिए बेहतर रात्रिकालीन कनेक्टिविटी और स्थानीय मेमू सेवाओं का विस्तार पूरे पूर्वांचल के विकास को नई गति देगा।”— योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री (उत्तर प्रदेश)

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button