बिजली बिल में भारी राहत, काशी के 5500 उपभोक्ताओं ने पीएम मोदी को हस्तलिखित पत्र लिखकर जताया आभार

सोलर रूफटॉप स्थापना में वाराणसी ने रचा कीर्तिमान; उत्तर प्रदेश में दूसरा और देश में दसवां स्थान किया हासिल
अब तक 91 हजार आवेदनों के सापेक्ष 65,800 से अधिक घरों की छतों पर लग चुके हैं सोलर पैनल
वाराणसी 28नवंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी ‘सोलर रूफटॉप योजना’ अब काशीवासियों के जीवन में प्रत्यक्ष रूप से आर्थिक राहत लेकर आई है। घरों की छतों पर लगे सोलर पैनलों से बिजली उत्पादन शुरू होने और मासिक बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आने से उत्साहित जिले के 5,500 उपभोक्ताओं ने अपने सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हस्तलिखित पत्र लिखकर धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है।
पेंशनधारियों और व्यापारियों को मिली बड़ी राहत
सौर ऊर्जा अपनाने से काशी के व्यापारियों, उद्यमियों, सरकारी कर्मचारियों और विशेष रूप से पेंशनधारियों में खुशी का माहौल है। अब तक पेंशनधारियों को अपनी पेंशन की एक बड़ी धनराशि बिजली बिल के अधिभार के रूप में चुकानी पड़ती थी, लेकिन छतों पर सोलर प्लांट लगने के बाद इस खर्च में भारी गिरावट आई है। इसी आर्थिक संतुष्टि और खुशी को साझा करने के लिए लाभार्थियों ने हस्तलिखित पत्रों के माध्यम से प्रधानमंत्री के प्रति अपना आभार प्रकट किया है।
तेजी से बढ़ रहा इंस्टॉलेशन का ग्राफ, शेष आवेदनों पर भी काम जारी
जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक सोलर रूफटॉप स्थापना के लिए करीब 91,000 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 65,800 से अधिक घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं। संबंधित विभाग शेष आवेदनों के निस्तारण और इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया को युद्धस्तर पर पूरा करने में जुटा है, ताकि अधिक से अधिक परिवार स्वच्छ ऊर्जा का लाभ उठा सकें।
नियमित मॉनिटरिंग से वाराणसी ने हासिल किया शीर्ष स्थान
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के दिशा-निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रखर कुमार सिंह की नियमित मॉनिटरिंग में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की निरंतर समीक्षा और सक्रियता के परिणामस्वरूप वाराणसी ने सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन के क्षेत्र में प्रदेश में दूसरा तथा पूरे देश में दसवां स्थान प्राप्त किया है।
सौर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग से जहां एक ओर उपभोक्ताओं की परंपरागत बिजली पर निर्भरता कम हुई है और जेब पर बोझ घटा है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के राष्ट्रीय लक्ष्य को भी नई मजबूती मिल रही है।






